दिल्ली: महंगी कार में घूमकर करते थे लूटपाट, 60 KM पीछा कर पुलिस ने दबोचा अंतरराज्यीय गिरोह
दिल्ली के द्वारका इलाके में पुलिस को गुमराह करने के लिए लग्जरी कार का इस्तेमाल करने वाले एक अंतरराज्यीय लुटेरा गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, द्वारका जिले के स्पेशल स्टाफ ने…
दिल्ली के द्वारका इलाके में पुलिस को गुमराह करने के लिए लग्जरी कार का इस्तेमाल करने वाले एक अंतरराज्यीय लुटेरा गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, द्वारका जिले के स्पेशल स्टाफ ने इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो गाजियाबाद के लोनी के रहने वाले हैं। ये लोग द्वारका और आसपास के इलाकों में लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक, अतुल और सुहैल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से आधुनिक पिस्तौल और कारतूस समेत कई अवैध हथियार बरामद किए हैं। इसके अलावा, उनकी कार से एक बैग भी मिला, जिसमें घरों में सेंधमारी और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार रखे थे।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
इस गिरोह को पकड़ने के लिए पुलिस ने करीब 60 किलोमीटर तक इनके रास्ते का पीछा किया। मामले की शुरुआत 17-18 जुलाई की दरमियानी रात हुई, जब द्वारका नॉर्थ पुलिस स्टेशन में एक पीसीआर कॉल आई। सूचना देने वाले ने बताया कि एक हथियारबंद व्यक्ति ('कट्टा' लेकर) एक इमारत में घुसा है, जबकि उसका साथी बाहर कार में इंतजार कर रहा है।
एसीपी ऑपरेशन्स सुभाष मलिक की देखरेख में बनी एक विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज से पता चला कि संदिग्ध एक 'किया' कार में आए थे। पुलिस टीम ने इस कार का द्वारका से गाजियाबाद के लोनी तक पीछा किया और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी।
ऐसे धरे गए तीनों आरोपी
पुलिस की मुस्तैदी रंग लाई जब 22-23 जुलाई की रात वही कार फिर से द्वारका के पास देखी गई। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार को रोका और उसमें सवार दीपक, अतुल और सोहेल को पकड़ लिया। जांच के दौरान उनके पास से अवैध हथियार और चोरी के औजार बरामद हुए, जिसके बाद तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना दीपक 2023 में गौतम बुद्ध नगर (यूपी) के दनकौर थाने में दर्ज लूट के एक मामले में भी वांछित था। उसे पहले भी गाजियाबाद पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था।
इनपुट: IANS



