दिल्ली: संत नगर के फ्लैट में युवती और युवक के शव मिले, पुलिस जांच में जुटी
दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में स्थित संत नगर के एक किराए के फ्लैट में सोमवार को एक युवती और एक युवक के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने…
दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में स्थित संत नगर के एक किराए के फ्लैट में सोमवार को एक युवती और एक युवक के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और लड़की के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 26 वर्षीय युवती का शव बिस्तर पर मिला, जबकि युवक का शव पंखे से लटका हुआ था। पुलिस को जब इस घटना की सूचना मिली, तो टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला संत नगर के एक ऐसे मकान का है जिसमें 5 कमरे किराए पर दिए गए हैं। मृतक युवती, जो महाराष्ट्र के नागपुर की रहने वाली थी, पिछले दो साल से कमरा नंबर-4 में किराए पर रह रही थी। मकान मालिक अभिषेक ने बताया कि युवती नेहरू प्लेस में काम करती थी, उसका व्यवहार अच्छा था और वह समय पर किराया देती थी।
मकान मालिक के अनुसार, उन्हें सुबह जानकारी मिली कि कोई उनके फ्लैट का ताला तोड़ने की कोशिश कर रहा है, जिसके बाद उन्होंने केयरटेकर को मौके पर भेजा। केयरटेकर ने ही कमरे में दोनों शवों को देखकर उन्हें और पुलिस को सूचित किया।
मकान मालिक का बयान
अभिषेक ने IANS को बताया, "हमने इस जगह को किराए पर दिया था... कमरा नंबर-4 एक लड़की को किराए पर दिया था। वह पिछले दो साल से यहां रह रही थी।" उन्होंने आगे कहा, "लड़की की जानकारी हमारी पास थी, जिसकी उम्र लगभग 26 साल थी। लड़के के बारे में हमारे पास कोई जानकारी नहीं थी।" मकान मालिक ने आशंका जताई कि लड़का शायद लड़की से मिलने आया था और उनके बीच कोई आपसी विवाद हुआ होगा। फिलहाल, पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।
इनपुट: IANS



