पुणे के दौंड में स्कूली छात्रों से भरी बस खाई में गिरी, 15 से ज़्यादा घायल, ड्राइवर पर केस दर्ज
पुणे जिले के दौंड तालुका में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ, जब स्कूली छात्रों को ले जा रही महाराष्ट्र राज्य परिवहन (एसटी) की एक बस सुपा घाट में खाई में जा गिरी। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इस…
पुणे जिले के दौंड तालुका में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ, जब स्कूली छात्रों को ले जा रही महाराष्ट्र राज्य परिवहन (एसटी) की एक बस सुपा घाट में खाई में जा गिरी। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इस दुर्घटना में 15 से अधिक छात्र घायल हो गए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस के चालक पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगा है, जिसके बाद यवत पुलिस थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह बस चौफुला से सुपा घाट मार्ग पर जा रही थी। घाट के रास्ते पर चालक ने कथित तौर पर यातायात नियमों की अनदेखी की और बस पर से अपना नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस सड़क से उतरकर खाई में गिर गई और कई बार पलटी। इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ड्राइवर के खिलाफ FIR दर्ज
इस मामले में बस में सवार एक 15 वर्षीय छात्रा आर्या इंद्रभान शितोळे की शिकायत पर बस चालक राहुल त्रिंबक मडावी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने चालक पर भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
घायल छात्रों में शिकायतकर्ता आर्या के अलावा विराज शितोळे, टिळेकर, वेदांत शितोळे, रिंयाश लाड, ऐश्वर्या पितळिया, रोहित पितळिया, शुवांश शितोळे और स्वरा शितोळे समेत अन्य छात्र शामिल हैं। सभी घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक कदम कर रहे हैं।
इनपुट: IANS



