उत्तर कोरिया ने फिर दागी बैलिस्टिक मिसाइल, दक्षिण कोरिया ने इसे उकसावा बताते हुए जताई गहरी चिंता
उत्तर कोरिया ने एक बार फिर बैलिस्टिक मिसाइल का प्रक्षेपण किया है, जिसे उसके पड़ोसी देश दक्षिण कोरिया ने एक 'उकसावे वाली कार्रवाई' करार दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना के बाद…
उत्तर कोरिया ने एक बार फिर बैलिस्टिक मिसाइल का प्रक्षेपण किया है, जिसे उसके पड़ोसी देश दक्षिण कोरिया ने एक 'उकसावे वाली कार्रवाई' करार दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना के बाद सोल में राष्ट्रपति कार्यालय ने एक आपातकालीन सुरक्षा बैठक बुलाई और प्योंगयांग से ऐसे प्रक्षेपणों को तुरंत रोकने की अपील की।
दक्षिण कोरियाई सेना के अनुसार, यह मिसाइल बुधवार सुबह लगभग 6 बजे उत्तर कोरिया के पूर्वी तट पर स्थित वॉनसान क्षेत्र से दागी गई। इसने पूर्वी सागर की ओर 700 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की। हालांकि मिसाइल के सटीक प्रकार की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसकी उड़ान दूरी को देखते हुए इसके कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल होने का अनुमान है।
संयुक्त राष्ट्र प्रस्तावों का उल्लंघन
राष्ट्रपति कार्यालय चियोंग वा डे ने इस प्रक्षेपण पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर कोरिया द्वारा लगातार किए जा रहे ये परीक्षण संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का स्पष्ट उल्लंघन हैं। बैठक में अधिकारियों को राष्ट्रीय सुरक्षा पर इसके प्रभाव का आकलन करने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
सैन्य अभ्यास से पहले तनाव
यह मिसाइल परीक्षण ऐसे समय में हुआ है जब दक्षिण कोरिया और अमेरिका अगले सप्ताह अपना प्रमुख वार्षिक संयुक्त सैन्य अभ्यास 'उल्ची फ्रीडम शील्ड' शुरू करने वाले हैं। उत्तर कोरिया लंबे समय से इन सैन्य अभ्यासों का विरोध करता रहा है और इन्हें युद्ध की तैयारी के तौर पर देखता है। अक्सर वह ऐसे अभ्यासों के आसपास अपने हथियारों का प्रदर्शन करता है। यह एक हफ्ते से भी कम समय में उत्तर कोरिया का दूसरा मिसाइल प्रक्षेपण है। इससे पहले पिछले गुरुवार को भी उसने एक मिसाइल दागी थी। बुधवार का परीक्षण इस वर्ष का 11वां मिसाइल प्रक्षेपण बताया गया है।
इनपुट: IANS



