संयुक्त राष्ट्र महासचिव पद की दौड़: कोस्टा रिका की रेबेका ग्रिन्सपैन बनीं प्रबल दावेदार
संयुक्त राष्ट्र के अगले महासचिव के चुनाव की प्रक्रिया में कोस्टा रिका की राजनयिक रेबेका ग्रिन्सपैन एक मजबूत दावेदार के रूप में उभरी हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, अगर वे चुनी जाती हैं…
संयुक्त राष्ट्र के अगले महासचिव के चुनाव की प्रक्रिया में कोस्टा रिका की राजनयिक रेबेका ग्रिन्सपैन एक मजबूत दावेदार के रूप में उभरी हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, अगर वे चुनी जाती हैं तो यह एक ऐतिहासिक क्षण होगा, क्योंकि वे संयुक्त राष्ट्र का नेतृत्व करने वाली पहली महिला होंगी। वर्तमान महासचिव अंतोनियो गुटेरेस का दूसरा कार्यकाल 31 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है।
ग्रिन्सपैन, जो वर्तमान में UNCTAD (व्यापार और विकास पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन) की महासचिव हैं, को सुरक्षा परिषद के सदस्यों के बीच हुए शुरुआती गोपनीय मतदान में सबसे अधिक समर्थन मिला। उन्हें 15 में से 10 सदस्यों का समर्थन, 4 का तटस्थ रुख और सिर्फ 1 सदस्य का विरोध झेलना पड़ा। उनकी मुख्य प्रतिद्वंद्वी, गुयाना की पूर्व संयुक्त राष्ट्र राजदूत कैरोलिन रोड्रिग्स-बर्केट को 9 समर्थन, 4 तटस्थ और 2 विरोधी वोट मिले।
चुनाव प्रक्रिया और स्थायी सदस्यों की भूमिका
महासचिव के चयन की प्रक्रिया जटिल होती है। पहले, सुरक्षा परिषद एक उम्मीदवार की सिफारिश करती है, जिसे बाद में 193 सदस्यीय महासभा द्वारा अनुमोदित किया जाता है। सुरक्षा परिषद में किसी भी उम्मीदवार को जीतने के लिए कम से कम 9 वोटों की आवश्यकता होती है और यह भी सुनिश्चित करना होता है कि पांच स्थायी सदस्यों - अमेरिका, रूस, चीन, फ्रांस या ब्रिटेन - में से कोई भी अपने वीटो का इस्तेमाल न करे।
द गार्डियन ने एक पश्चिमी राजनयिक के हवाले से बताया है कि असली चुनौती यह पता लगाना है कि विरोध के वोट किन स्थायी सदस्यों से आए हैं। यदि अमेरिका, रूस या चीन में से कोई भी ग्रिन्सपैन का विरोध करता है, तो प्रक्रिया में गतिरोध उत्पन्न हो सकता है। दौड़ में चिली की पूर्व राष्ट्रपति मिशेल बाचेलेट भी शामिल हैं, जिन्हें कथित तौर पर अमेरिका के विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
व्यक्तिगत पृष्ठभूमि और इजरायल-फिलिस्तीन मुद्दा
रेबेका ग्रिन्सपैन की व्यक्तिगत कहानी भी उन्हें चर्चा में रखती है। उनके माता-पिता द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान पोलैंड से मध्य अमेरिका आए शरणार्थी थे, और उनके नाना-नानी में से एक जोड़े की नाजी शासन के दौरान हत्या कर दी गई थी। इस लिहाज से वह संयुक्त राष्ट्र की पहली यहूदी महासचिव भी बन सकती हैं। वे अक्सर अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि का हवाला देते हुए शांति के महत्व पर जोर देती हैं।
उनके नेतृत्व में, UNCTAD ने इजरायल के कब्जे वाले फिलिस्तीनी क्षेत्रों पर पड़ने वाले आर्थिक प्रभाव का विस्तृत विश्लेषण किया है। फरवरी 2026 की एक रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया था कि 2000 से 2024 के बीच फिलिस्तीनी अर्थव्यवस्था को कब्जे की नीतियों, प्रतिबंधों और सैन्य अभियानों के कारण 212.2 अरब डॉलर का नुकसान हुआ।
इनपुट: IANS



