छत्तीसगढ़: स्कूल से लौटते वक्त नदी में बहे तीन मासूम, घंटों बाद तीनों के शव बरामद
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों की जान चली गई। स्कूल से घर लौटते समय घोंघा नदी पार करते हुए ये बच्चे पानी के तेज बहाव में बह गए। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के…
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों की जान चली गई। स्कूल से घर लौटते समय घोंघा नदी पार करते हुए ये बच्चे पानी के तेज बहाव में बह गए। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, कई घंटों तक चले तलाशी अभियान के बाद तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
यह घटना तखतपुर क्षेत्र के समडील गांव की है। मृतकों की पहचान 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह जब बच्चे स्कूल गए थे, तब नदी में पानी कम था और वे खेलते हुए उसे पार कर गए। हालांकि, स्कूल जाने के लिए एक अलग सुरक्षित रास्ता भी मौजूद है।
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
जब बच्चे छुट्टी के बाद उसी रास्ते से घर लौट रहे थे, तो नदी में पानी का स्तर और बहाव दोनों अचानक बढ़ चुके थे। इसी तेज बहाव की चपेट में आने से तीनों बह गए। घटना की खबर मिलते ही गांव के लोग और पुलिस प्रशासन फौरन मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के साथ ग्रामीणों ने घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद एक बच्चे का शव मिला। थाना प्रभारी अवनीश पासवान के मुताबिक, बाकी दो बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। बाद में, लापता दोनों बच्चों के शव भी बरामद कर लिए गए।
गांव में पसरा मातम
इस हादसे के बाद समडील गांव में मातम का माहौल है। 7 वर्षीय अनमोल और स्तुति के पिता का नाम भुनेश्वर जायसवाल है, जबकि 8 वर्षीय शिक्षा के पिता विजय जायसवाल हैं। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
इनपुट: IANS



