कांवड़ यात्रा में हुई कहासुनी बनी जानलेवा रंजिश, चरखी दादरी में युवक को गोली मारने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
हरियाणा के चरखी दादरी में कांवड़ यात्रा के दौरान हुई एक मामूली कहासुनी ने खूनी रंजिश का रूप ले लिया। इसी विवाद के चलते एक युवक को गोली मार दी गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने इस…
हरियाणा के चरखी दादरी में कांवड़ यात्रा के दौरान हुई एक मामूली कहासुनी ने खूनी रंजिश का रूप ले लिया। इसी विवाद के चलते एक युवक को गोली मार दी गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
घटना 15 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे की है, जब पुलिस कंट्रोल रूम को खेड़ीपुरा गांव के पास गोलीबारी की सूचना मिली। मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस को मनजीत नाम का युवक घायल अवस्था में मिला, जिसके सीने में गोली लगी थी। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। फिलहाल उसका इलाज मेदांता अस्पताल में चल रहा है और डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर बताई है।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और उसी दिन शाम तक चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी एक जगह पर इकट्ठा हुए हैं, जिसके बाद एसएचओ सदर और उनकी टीम ने दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों के पास से एक-एक देसी पिस्तौल और एक-एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। इसके अलावा, अपराध में इस्तेमाल की गई कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
विवाद की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पूरी घटना कांवड़ यात्रा के दौरान हुए एक विवाद का नतीजा है। यात्रा के समय घायल मनजीत और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने मिलकर मनजीत पर गोली चला दी। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके।
इनपुट: IANS



