शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
देश

चक्रवाती तूफान 'अकवान': पुरी में समुद्र तट पर जाने पर रोक, प्रशासन ने पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी

ओडिशा के पुरी में चक्रवाती तूफान 'अकवान' के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने एहतियाती कदम उठाए हैं। तूफान के कारण समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों और असामान्य ज्वार को देखते हुए पर्यटकों के…

चक्रवाती तूफान 'अकवान': पुरी में समुद्र तट पर जाने पर रोक, प्रशासन ने पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी
(फोटो: IANS)

ओडिशा के पुरी में चक्रवाती तूफान 'अकवान' के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने एहतियाती कदम उठाए हैं। तूफान के कारण समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों और असामान्य ज्वार को देखते हुए पर्यटकों के समुद्र तट पर जाने पर रोक लगा दी गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिसकर्मी तट पर लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि लोगों को पानी के पास जाने से रोका जा सके।

विज्ञापन

हालांकि, चक्रवात का कोई बड़ा असर अभी तक पुरी में जनजीवन पर नहीं पड़ा है और हालात सामान्य बने हुए हैं। लेकिन, समुद्र का नजारा पूरी तरह बदल गया है। जो इलाके आमतौर पर सैलानियों से गुलजार रहते थे, वे अब वीरान पड़े हैं। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्देशों का पालन करें और फिलहाल समुद्र तट से दूर रहें।

पर्यटकों ने की प्रशासन की सराहना

पुरी घूमने आए पर्यटकों ने प्रशासन द्वारा उठाए गए सुरक्षा कदमों का समर्थन किया है। सूरत से आठ लोगों के समूह के साथ आए तेजस सवलिया ने IANS को बताया, "प्रशासन जिस तरह से सुरक्षा का इंतजाम कर रहा है, वह बिल्कुल सही है। चक्रवात आ रहा है, ऐसे में कभी भी कुछ भी हो सकता है, इसलिए पर्यटकों को समुद्र तट से दूर रखना जरूरी है।" उन्होंने यह भी कहा कि चक्रवात की खबर से पर्यटकों की संख्या कम हुई है, लेकिन जगन्नाथ पुरी मंदिर में दर्शन खुले हुए हैं।

सूरत के ही एक अन्य पर्यटक अमित पंचूरिया ने भी पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि यह सब पर्यटकों की सुरक्षा के लिए ही किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की, "यदि कोई जगन्नाथ जी के दर्शन के लिए पुरी आना चाहता है तो आ सकता है, लेकिन समुद्र तट और सी-फेस घूमने के लिए अभी आने से बचे।" अमित ने कहा कि उन्होंने चक्रवात के बारे में सुना था, लेकिन स्थिति इतनी गंभीर होने का अनुमान नहीं था।

तूफान की मौजूदा स्थिति

चक्रवाती तूफान 'अकवान' इस समय पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित है, जिसके प्रभाव से समुद्र अशांत हो गया है। ओडिशा के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ रुक-रुक कर भारी बारिश भी हो रही है। प्रशासन किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।

इनपुट: IANS

N

News4Social नेशनल डेस्क

News4Social नेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →