जम्मू-कश्मीर: वैवाहिक विवाद निपटाने के लिए मांगी रिश्वत, CBI ने सब-इंस्पेक्टर को रंगे हाथों पकड़ा
जम्मू-कश्मीर में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी सब-इंस्पेक्टर जम्मू के जानीपुर…
जम्मू-कश्मीर में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी सब-इंस्पेक्टर जम्मू के जानीपुर पुलिस स्टेशन में तैनात था और एक वैवाहिक विवाद में FIR दर्ज न करने के बदले में रिश्वत की मांग कर रहा था। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, सीबीआई ने आरोपी को गिरफ्तार कर रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है।
यह कार्रवाई 16 अगस्त को एक शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता ने सीबीआई को बताया था कि सब-इंस्पेक्टर ने उससे 20,000 रुपये की मांग की थी। बाद में बातचीत के बाद सौदा 10,000 रुपये में तय हुआ। शिकायत मिलने पर सीबीआई ने जाल बिछाया और आरोपी पुलिसकर्मी को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
रेलवे में भी रिश्वतखोरी पर CBI का शिकंजा
यह हाल के दिनों में सीबीआई द्वारा रिश्वतखोरी के खिलाफ की गई दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 13 अगस्त को एजेंसी ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, भिलाई में तैनात एक वरिष्ठ डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर को भी रिश्वत के एक मामले में गिरफ्तार किया था। आरोपी अधिकारी इंडियन रेलवे सर्विस ऑफ मैकेनिकल इंजीनियर्स का सदस्य है।
आरोप था कि अधिकारी ने शिकायतकर्ता के लंबित बिल पास करने के बदले 2 लाख रुपये मांगे थे, जो बाद में 1 लाख रुपये में तय हुआ। सीबीआई ने 13 अगस्त को आरोपी को 50,000 रुपये की पहली किस्त लेते हुए गिरफ्तार किया। इस मामले में रिश्वत की रकम एक बिचौलिए के जरिए ली जा रही थी, जिसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारी के रायपुर और भिलाई स्थित ठिकानों पर तलाशी के दौरान करीब 77 लाख रुपये नकद और लगभग 14 लाख रुपये के आभूषण भी बरामद हुए।
इनपुट: IANS



