मुंबई: 93 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी में CBI का शिकंजा, हंजर बायोटेक एनर्जीज के ठिकानों पर छापे
मुंबई की एक निजी कंपनी, हंजर बायोटेक एनर्जीज प्राइवेट लिमिटेड, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच के दायरे में आ गई है। कंपनी और उसके डायरेक्टरों पर पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के साथ लगभग 93.44 करोड़…
मुंबई की एक निजी कंपनी, हंजर बायोटेक एनर्जीज प्राइवेट लिमिटेड, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच के दायरे में आ गई है। कंपनी और उसके डायरेक्टरों पर पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के साथ लगभग 93.44 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में CBI ने कंपनी के कई ठिकानों पर तलाशी अभियान भी चलाया है।
यह कार्रवाई PNB की मुंबई स्थित एसएएम ब्रांच द्वारा 30 सितंबर को दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में कंपनी, उसके डायरेक्टरों, गारंटर के साथ-साथ कुछ अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और निजी व्यक्तियों पर भी धोखाधड़ी के लिए आपराधिक साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।
क्या हैं धोखाधड़ी के आरोप?
आरोप है कि कंपनी ने एक आपराधिक साजिश के तहत अपनी ही संबंधित पार्टियों के बिलों (इनवॉइस) पर 135 करोड़ रुपए का टर्म लोन हासिल किया। सीबीआई के अनुसार, इस लोन की रकम को उन कामों में इस्तेमाल नहीं किया गया जिनके लिए इसे मंजूरी दी गई थी, बल्कि इसे दूसरी जगहों पर भेज दिया गया। इस हेरफेर के कारण बैंक को 93.44 करोड़ रुपए का भारी वित्तीय नुकसान हुआ। सीबीआई ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया है।
छापेमारी में अहम दस्तावेज बरामद
मामला दर्ज करने के बाद, जांच एजेंसी ने मुंबई में कंपनी से जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी ली। इस दौरान जांच से जुड़े बैंक के जरूरी कागजात और प्रॉपर्टी के दस्तावेज बरामद और जब्त किए गए हैं। सीबीआई का कहना है कि इस साजिश की पूरी गहराई तक पहुंचने, इसमें शामिल सभी सरकारी और निजी व्यक्तियों की भूमिका का पता लगाने और लोन की रकम के अंतिम इस्तेमाल का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
इनपुट: IANS



