ब्रिटेन में नए युग का संकल्प: प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने शासन में बड़े बदलाव का किया वादा
ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने देश में राजनीतिक अस्थिरता के दौर को खत्म करने और शासन व्यवस्था में बुनियादी बदलाव लाने का संकल्प लिया है। पदभार संभालने के बाद 10 डाउनिंग स्ट्रीट से अपने…
ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने देश में राजनीतिक अस्थिरता के दौर को खत्म करने और शासन व्यवस्था में बुनियादी बदलाव लाने का संकल्प लिया है। पदभार संभालने के बाद 10 डाउनिंग स्ट्रीट से अपने पहले संबोधन में उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले एक दशक में बार-बार प्रधानमंत्री बदलने से जनता का राजनीति से भरोसा उठा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने जोर देकर कहा कि अब नेताओं को बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
बर्नहैम ने अपनी सरकार को "ब्रिटेन के लिए सर्किट ब्रेकर" बताते हुए कहा कि यह पिछले 40 वर्षों के सबसे बड़े बदलाव लागू करेगी। उन्होंने कहा, "मैं पूरी तरह से महसूस करता हूं कि पिछले 10 वर्षों में इस सड़क पर सरकार बनाने के लिए आने वाला मैं छठा व्यक्ति हूं और 2016 के बाद सातवां प्रधानमंत्री हूं। यह आत्ममंथन और नए संकल्प का समय है।"
शासन और अर्थव्यवस्था में सुधार का वादा
नए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी पीढ़ी के नेताओं को अपनी जिम्मेदारी बेहतर ढंग से निभानी होगी और ब्रिटेन को दुनिया को यह दिखाना होगा कि वह फिर से राजनीतिक स्थिरता हासिल कर सकता है। उन्होंने 1980 के दशक की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में राजनीतिक शक्ति के अत्यधिक केंद्रीकरण और आर्थिक नियंत्रण के निजीकरण से देश के कई औद्योगिक क्षेत्र पिछड़ गए। बर्नहैम ने वादा किया कि उनकी सरकार सत्ता का विकेंद्रीकरण करेगी और निर्णय लेने की ताकत देश के हर क्षेत्र तक पहुंचाएगी। इसके अलावा, आवश्यक सार्वजनिक सेवाओं को मजबूत सार्वजनिक नियंत्रण में लाकर उन्हें आम लोगों के लिए फिर से किफायती बनाया जाएगा।
आगामी योजनाएं और प्राथमिकताएं
बढ़ती महंगाई (कॉस्ट ऑफ लिविंग) से निपटने के लिए प्रधानमंत्री ने मंगलवार से कई राहत योजनाओं की घोषणा करने का ऐलान किया, जिनके वित्तपोषण का खाका भी साथ में पेश किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस साल के अंत तक ब्रिटेन के लिए एक 10-वर्षीय राष्ट्रीय योजना पेश की जाएगी। बर्नहैम ने रोजगार, शिक्षा प्रणाली में सुधार, युवाओं के लिए मानसिक स्वास्थ्य सहायता और अधिक काउंसिल हाउस बनाने को अपनी सरकार की प्राथमिकताओं में गिनाया।
पहला प्रशासनिक निर्देश
अपने पहले प्रशासनिक कदम के बारे में जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "मैं कुछ ही देर में अपने कार्यालय में जाकर अपना पहला निर्देश जारी करूंगा। ब्रिटेन में खुले आसमान के नीचे रहने (रफ स्लीपिंग) की समस्या को समाप्त करने के लिए।" इससे पहले, बकिंघम पैलेस ने आधिकारिक तौर पर उनकी नियुक्ति की घोषणा की थी। किंग चार्ल्स तृतीय ने सांसद एंड्रयू (एंडी) बर्नहैम को नई सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।
इनपुट: IANS



