मुंबई में बॉलीवुड असुरक्षित, यह सरकार की नाकामी है: कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल
महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने राज्य की महायुति सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री का असुरक्षित महसूस करना सीधे तौर पर गृह…
महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने राज्य की महायुति सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री का असुरक्षित महसूस करना सीधे तौर पर गृह विभाग और मुख्यमंत्री की विफलता का प्रमाण है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सपकाल ने एक वायरल ऑडियो क्लिप, सरकार के भीतर 'गैंगवार' और 500 करोड़ रुपये के लेन-देन के आरोपों पर भी गंभीर सवाल उठाए।
सपकाल ने कहा कि ऑल इंडिया सिने वर्कर्स की मांगें राज्य की कानून-व्यवस्था की खराब हालत की ओर इशारा करती हैं। उन्होंने कहा, "इस राज्य के जो गृह मंत्री हैं, जो मुख्यमंत्री भी हैं, उन पर किसी भी प्रकार का विश्वास अब रहा नहीं है। इसके साथ-साथ इन तमाम अपराधियों को कहीं न कहीं गृह विभाग से और मुख्यमंत्री की तरफ से बल मिल रहा है।"
बॉलीवुड को बाहर ले जाने की साज़िश?
कांग्रेस अध्यक्ष ने आशंका जताई कि क्या मुंबई से बॉलीवुड को बाहर ले जाने की राजनीति हो रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पुराने बयान का ज़िक्र किया, जिसमें उन्होंने बॉलीवुड को यूपी ले जाने की बात कही थी। सपकाल ने सवाल किया, "क्या उनकी उस टिप्पणी को बल देने के लिए भारतीय जनता पार्टी की तरफ से राजनीति की जा रही है? क्या लोगों को निशाना बनाया जा रहा है? क्या इस एंगल से भी जांच नहीं हो सकती?" उनके मुताबिक, मुंबई से बॉलीवुड का बाहर जाना राज्य सरकार की पूरी तरह से विफलता होगी।
'ट्रिपल इंजन' सरकार पर गंभीर आरोप
एकनाथ शिंदे से जुड़ी कथित वायरल ऑडियो क्लिप का हवाला देते हुए हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि गठबंधन का एकमात्र उद्देश्य सत्ता हासिल करना है। उन्होंने इसे "तथाकथित ट्रिपल इंजन सरकार" बताते हुए कहा, "सरकार के भीतर जो गैंगवार चल रही है, उसके नतीजे बाहर भी देखने को मिल रहे हैं। इसी गैंगवार की एक कड़ी के रूप में माफिया यहां हमले कर रहा है। बेखौफ होकर घूम रहा है। हत्याएं हो रही हैं।"
सपकाल ने 500 करोड़ रुपये की बात को भी बेहद गंभीर बताया और कहा कि इस रिकॉर्डिंग से बीजेपी की ध्रुवीकरण की राजनीति भी सामने आई है।
सूखे और घुसपैठियों पर भी उठाए सवाल
अपनी बात रखते हुए सपकाल ने लातूर में सूखे के गंभीर हालात पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मार्च तक स्थिति और बिगड़ सकती है, लेकिन सरकार के पास राहत की कोई ठोस योजना नहीं है। इसके अलावा, उन्होंने 'घुसपैठियों' के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा और सवाल किया कि पिछले 12 सालों में कितने घुसपैठियों को पकड़कर देश से बाहर भेजा गया।
इनपुट: IANS



