मंगलवार, 29 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
राजनीति

पूर्व वित्त सचिव के 'ब्लैकमेलर' वाले बयान पर भड़के सांसद निशिकांत दुबे, 2 करोड़ का मानहानि केस

एक पॉडकास्ट में दिए गए बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे और पूर्व वित्त सचिव सुभाष चंद्र गर्ग के बीच का विवाद अब अदालत पहुँच गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार…

पूर्व वित्त सचिव के 'ब्लैकमेलर' वाले बयान पर भड़के सांसद निशिकांत दुबे, 2 करोड़ का मानहानि केस
(फोटो: IANS)

एक पॉडकास्ट में दिए गए बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे और पूर्व वित्त सचिव सुभाष चंद्र गर्ग के बीच का विवाद अब अदालत पहुँच गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, निशिकांत दुबे ने सुभाष चंद्र गर्ग पर उनकी छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में 2 करोड़ रुपये का दीवानी मानहानि का मुकदमा दायर किया है। इसके अलावा, उन्होंने पटियाला हाउस कोर्ट में एक आपराधिक मानहानि का मामला भी दर्ज कराया है।

विज्ञापन

यह पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब एक पॉडकास्ट के दौरान पूर्व वित्त सचिव सुभाष चंद्र गर्ग ने कथित तौर पर सांसद निशिकांत दुबे को 'ब्लैकमेल करने वाला आदमी' कह दिया। गर्ग ने यह भी आरोप लगाया था कि दुबे उनके कार्यालय में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के चेयरमैन पर दबाव बनाने की सिफारिश लेकर आए थे। उनके अनुसार, सांसद एलआईसी, तबादलों और ठेकों से जुड़े मामलों में उनका हस्तक्षेप चाहते थे।

सांसद ने आरोपों को बताया झूठा और दुर्भावनापूर्ण

इन आरोपों पर भाजपा सांसद ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इन्हें पूरी तरह से झूठा, दुर्भावनापूर्ण और उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने वाला बताया है। दुबे ने इन्हीं बयानों को आधार बनाकर कानूनी कार्रवाई का कदम उठाया है। गौरतलब है कि दोनों के बीच टकराव इस महीने तब और बढ़ गया था, जब सुभाष गर्ग ने केंद्र सरकार द्वारा जारी पहली तिमाही के जीडीपी विकास दर के आँकड़ों पर सार्वजनिक रूप से सवाल उठाए थे, जिसके बाद दोनों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई थी।

पूर्व वित्त सचिव ने दिया नोटिस का जवाब

इस मामले पर सुभाष चंद्र गर्ग ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने 27 सितंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के माध्यम से बताया कि उन्होंने निशिकांत दुबे के मानहानि नोटिस का जवाब दे दिया है। गर्ग ने अपने पोस्ट में लिखा, "मैंने निशिकांत दुबे के मानहानि के नोटिस का जवाब दे दिया है। 26 सितंबर को आपके वकील अमित अवस्थी को अपना जवाब भेजा है। मैं इसे सबकी जानकारी के लिए यहां पोस्ट कर रहा हूं।" फिलहाल यह मामला अदालत में है और दोनों पक्ष अपने-अपने दावे पेश कर रहे हैं।

इनपुट: IANS

N

News4Social राजनीति डेस्क

News4Social राजनीति डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राजनीति और चुनाव से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →