भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने इस मसले पर गृह मंत्री से पूछा सवाल, कहा सरकार क्या कर रही है
क्रिकेट के मैदान से सियासी अखाड़े में किस्मत आज़माकर संसद पहुंचे भाजपा नेता गौतम गंभीर ने बढ़ते अपराध के मुद्दे पर केन्द्र की मोदी सरकार से सवाल पूछा।
क्रिकेट के मैदान से सियासी अखाड़े में किस्मत आज़माकर संसद पहुंचे भाजपा नेता गौतम गंभीर ने बढ़ते अपराध के मुद्दे पर केन्द्र की मोदी सरकार से सवाल पूछा।
पूर्वी दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी के सांसद गौतम गंभीर ने बुधवार को लोकसभा में देश की राजधानी में अपराध के मसले पर सवाल पूछा कि ''क्या गृह मंत्री बताएंगे कि पिछले वर्षों के दौरान दिल्ली में लगभग प्रति तीन मिनट में एक आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया, जो कि 2014 की तुलना में 23 प्रतिशत अधिक है। अगर हां, तो पिछले तीन वर्षों में के दौरान अपराधों का ब्यौरा क्या है? गौतम गंभीर ने पूछा कि क्या जिन अपराधों ने शहर को झकझोर दिया, उनमें चोरी, डकैती और अपहरण की बढ़ती घटनाएं हैं। यदि हां तो सरकार की क्या प्रतिक्रिया है?''

गृह मंत्रालय की तरफ से इसका जवाब देते हुए गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने बताया कि ''अपराधों की रिपोर्टिंग और रजिस्ट्रेशन को सुविधाजनक बनाया गया है। साथ ही ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा के कारण राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में पंजीकृत मामलों की संख्या अधिक हो सकती है। फिर भी, वर्ष 2014 की तुलना में पिछले तीन वर्षों के दौरान जघन्य अपराधों की संख्या में काफी गिरावट देखी गई है।''
गौतम गंभीर के सवाल पर गृह मंत्रालय के राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने ब्योरा देते हुए बताया कि ''2014 में दिल्ली में जहां कुल 10266 अपराध दर्ज हुए थे, वहीं 2016 में 8238 मामले सामने आए। इसी तरह 2017 में जघन्य अपराध के मामलों की संख्या 6527 रही। वहीं 2018 में 5688 मामले सामने आए।''

गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने बताया कि ''2014 की तुलना में 2016 में अपराध की संख्या में 19.76 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वहीं 2017 में जघन्य अपराधों की संख्या में 36.42 और 2018 में 44.59 प्रतिशत गिरावट हुई। गृह मंत्रालय ने बताया कि 15 जून 2019 तक कुल 2487 अपराध दर्ज हुए हैं। पिछले साल की तुलना में इसमें भी 10.15 प्रतिशत की गिरावट हुई है।''



