बीरभूम होटल अग्निकांड: प्रधानमंत्री ने मृतकों और घायलों के लिए राहत राशि की घोषणा की
पश्चिम बंगाल के बीरभूम में हुए भीषण अग्निकांड के पीड़ितों के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक…
पश्चिम बंगाल के बीरभूम में हुए भीषण अग्निकांड के पीड़ितों के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। PMO ने उनके हवाले से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "पश्चिम बंगाल के बीरभूम में आग लगने की घटना में हुई मौतों के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।" प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
क्या है पूरा मामला?
यह दर्दनाक हादसा बीरभूम जिले के तारापीठ पुलिस स्टेशन के पास स्थित विदेशिनी होटल में हुआ। जानकारी के मुताबिक, शनिवार तड़के करीब 4:30 बजे तालाब के किनारे बने इस होटल में आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय प्रशासन द्वारा प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है। इस हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इनपुट: IANS



