मोकामा में कुएं से मिले दो बच्चों के शव, और शवों की आशंका में पुलिस ने खाली कराया कुआं
बिहार की राजधानी पटना के मोकामा इलाके में गुरुवार को एक कुएं से दो बच्चों के शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। घटना बरहपुर गांव की है, जहां पुलिस को और भी शव होने की आशंका है। समाचार एजेंसी IANS की…
बिहार की राजधानी पटना के मोकामा इलाके में गुरुवार को एक कुएं से दो बच्चों के शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। घटना बरहपुर गांव की है, जहां पुलिस को और भी शव होने की आशंका है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सूचना के बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से बड़ा तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और कुएं का पानी बाहर निकाला जा रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे इलाके का निरीक्षण कर जांच की स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय पुलिस को जरूरी निर्देश दिए। बरामद किए गए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, लेकिन फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
तलाशी अभियान और जांच जारी
बाढ़ अनुमंडल के एसडीपीओ राम कृष्णा ने बताया कि पुलिस को दोपहर करीब 3:30 बजे इस घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद मोकामा थानाध्यक्ष और इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुष्टि की कि कुएं से दो शव निकाले जा चुके हैं। उनके अनुसार, कुएं में लगभग 25 से 30 फीट पानी भरा हुआ है, जिसके चलते इसमें और भी शव होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी वजह से कुएं को पूरी तरह खाली कराकर तलाशी ली जा रही है।
एसडीपीओ राम कृष्णा ने आगे कहा कि पुलिस मानवीय और तकनीकी, दोनों तरह के साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। वैज्ञानिक सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है। शुरुआती जांच से मिले कुछ सुरागों के आधार पर पुलिस की टीमें छापेमारी भी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस की पहली प्राथमिकता कुएं की पूरी तलाशी लेना और घटना की सच्चाई का पता लगाना है।
इनपुट: IANS



