महाराष्ट्र में UCC लागू करने की तैयारी पर मुस्लिम संगठनों ने जताया कड़ा विरोध
महाराष्ट्र में समान नागरिक संहिता (UCC) को जल्द लागू करने की सरकारी कवायद के बीच कई मुस्लिम संगठनों ने इस पर अपनी कड़ी आपत्ति जताई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इन संगठनों ने UCC को…
महाराष्ट्र में समान नागरिक संहिता (UCC) को जल्द लागू करने की सरकारी कवायद के बीच कई मुस्लिम संगठनों ने इस पर अपनी कड़ी आपत्ति जताई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इन संगठनों ने UCC को मुस्लिम पर्सनल लॉ और शरीयत में सीधा हस्तक्षेप बताते हुए इसका विरोध किया है।
रजा अकादमी के अध्यक्ष मौलाना सईद नूरी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "जो यूसीसी लागू किया जा रहा है, अभी तक जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार वह शरीयत-ए-मुतह्हरा के खिलाफ है और मुस्लिम पर्सनल लॉ में हस्तक्षेप है।" उन्होंने यह भी कहा कि इसका असर सिर्फ मुसलमानों पर ही नहीं, बल्कि पारसी, सिख, ईसाई और बौद्धों समेत अन्य धर्मों के लोगों पर भी पड़ेगा।
धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप का आरोप
इस मुद्दे पर मौलाना सिराज अहमद खान ने भी अपनी राय रखी। उन्होंने UCC को मुसलमानों के धार्मिक मामलों में सीधा हस्तक्षेप करार दिया। उन्होंने सवाल उठाया, "सबसे बड़ा सवाल यह है कि यूसीसी लाने से फायदा क्या है?" उनका कहना था कि जब भारतीय संविधान सभी को अपने रीति-रिवाजों का पालन करने की स्वतंत्रता और अधिकार देता है, तो सरकार को किसी के धार्मिक मामलों में दखल देने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा, "जिन लोगों की स्वतंत्रता संग्राम में कोई भूमिका नहीं थी, वे आज देश का नेतृत्व कर रहे हैं और उस विचारधारा को थोपने की कोशिश कर रहे हैं, जिसकी वकालत उस समय आरएसएस प्रमुख ने की थी।"
अभिनेत्री करीना कपूर के पेंडेंट पर भी विवाद
इसी बीच फिल्म अभिनेत्री करीना कपूर खान के एक पेंडेंट को लेकर भी विवाद छिड़ गया है। कांग्रेस नेता द्वारा उन्हें कानूनी नोटिस भेजे जाने पर मौलाना सिराज अहमद खान ने कहा, "अगर करीना कपूर ने ऐसा किया है, तो यह बिल्कुल गलत है। उन्होंने किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।" उन्होंने इस घटना को निंदनीय बताया।
रजा अकादमी के अध्यक्ष मौलाना सईद नूरी ने भी इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कुरान की आयतों वाले तावीज को खुले तौर पर नहीं पहनना चाहिए। उन्होंने कहा, "क्योंकि जब इंसान शौचालय करने जाता है या दूसरी जगहों पर जाता है, तो इससे उनकी बेअदबी होती है।"
इनपुट: IANS



