Bihar: मुखिया को गाली देने का किया विरोध, युवक के सीने में घोंप दिया चाकू! हालत गंभीर, पीएमसीएच रेफर h3>
वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के सरसई गांव में आपसी विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान सरसई गांव निवासी आमोद पासवान के 22 वर्षीय पुत्र अमरजीत कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मुखिया के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का किया था विरोध
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की रात गांव में कुछ लोग दरवाजे पर बैठकर रामपुर रत्नाकर पंचायत के मुखिया गणेश पासवान के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे। इसी दौरान अमरजीत कुमार ने बेवजह गाली-गलौज करने का विरोध किया।
विरोध करने पर शुरू हुई मारपीट
आरोप है कि विरोध करने पर उसके ही पाटीदार हरेंद्र पासवान के पुत्र चन्द्रकेत कुमार और चंदन कुमार उससे उलझ गए और मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सीने पर चाकू मारकर किया घायल
परिजनों का कहना है कि विवाद बढ़ने के दौरान आरोपितों में से एक ने जेब से चाकू निकालकर अमरजीत कुमार के सीने पर वार कर दिया। चाकू लगते ही वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
गंभीर हालत में पीएमसीएच रेफर
स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
घटना की सूचना मिलने के बाद सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया गया है कि घायल और आरोपी दोनों का घर आसपास ही है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग मामले को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: डीएमसीएच में ऑपरेशन टेबल पर गर्भवती की मौत; परिजनों का हंगामा, डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप
क्या बोले थानाध्यक्ष?
सराय थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि चाकूबाजी की घटना आपसी विवाद के दौरान हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

