Bihar: पटरी पार करना पड़ा भारी! मालगाड़ी की चपेट में आई महिला, मौके पर मौत; परिजनों का पोस्टमार्टम से इनकार h3>
मुंगेर के जमालपुर-किऊल रेलखंड के अंतर्गत लहिया गुमटी के समीप रेल पटरी पार करने के दौरान एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पटरी पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आई महिला
मृतका की पहचान कारी देवी (45) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमालपुर से किऊल की ओर जा रही मालगाड़ी संख्या 27372 लहिया गुमटी के पास पोल संख्या 372/33 से 372/35 के बीच से गुजर रही थी। इसी दौरान कारी देवी रेल पटरी पार कर रही थीं। बताया जाता है कि वह गोविंदपुर से महरना की ओर जा रही थीं। पटरी पार करने के क्रम में वह मालगाड़ी की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद जुटी ग्रामीणों की भीड़
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों को जब हादसे की जानकारी मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पति का नाम मन्नू चौधरी बताया गया है। परिजनों के अनुसार, कारी देवी की शादी फुलका गांव में हुई थी। परिवार के अधिकांश सदस्य जमीन बेचकर उत्तर प्रदेश में रह रहे हैं। मृतका की बहन रेखा देवी और पति मन्नू चौधरी ने बताया कि उनकी मां संतोषी देवी घोषी बगीचा की निवासी हैं और कारी देवी पिछले कुछ दिनों से अपने मायके में रह रही थीं।
आरपीएफ ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम से किया इनकार
मामले की जानकारी मिलने पर आरपीएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की। आरपीएफ इंस्पेक्टर जे.आर. मीणा ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजनों द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया।
ये भी पढ़ें: जिसे चाहा… उसी ने ले ली जिंदगी, अब न्याय के लिए दर-दर भटक रही बेबस मां; मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

