युवक को स्कूटी पर ले जाकर कड़ा-मोबाइल लूटा, 2 गिरफ्तार: पुराना बस स्टैंड से उठाकर ले गए, सीसीटीवी फुटेज में दिखे बदमाश – Banswara News h3>
बांसवाड़ा के राजतालाब थाना क्षेत्र में युवक से चांदी का कड़ा और मोबाइल फोन लूटने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बदमाश युवक को डरा-धमकाकर अपनी स्कूटी पर बैठाकर सुनसान जगह ले गए थे और वहां लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक अन्य मामले में बाइक चोरी के आरोपी को जिला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है। पुराना बस स्टैंड से उठाकर ले गए पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक राजतालाब थाना क्षेत्र के पुराना बस स्टैंड के पास मौजूद था। इसी दौरान स्कूटी पर आए दो बदमाशों ने उसे डरा-धमकाया और जबरन अपनी स्कूटी पर बैठा लिया। इसके बाद आरोपी उसे एमजी हॉस्पिटल तिराहे के पास ले गए। चांदी का कड़ा और मोबाइल लूटकर फरार सुनसान जगह पहुंचने के बाद आरोपियों ने युवक के हाथ में पहना हुआ चांदी का कड़ा और मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की सूचना पर राजतालाब थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से मिली पहचान राजतालाब थाने के एसआई गंगाराम के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को डिटेन कर लिया। पूछताछ में कबूली लूट पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लूट की वारदात करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशरफ उर्फ चिलम (26) पुत्र शमीम खान निवासी हाउसिंग बोर्ड, बांसवाड़ा और शंकरलाल निनामा (19) पुत्र गजेन्द्र निनामा निवासी जैथलिया, थाना पीपलखूंट, जिला प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। बाइक चोरी मामले में भी कार्रवाई राजतालाब पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में वांछित आरोपी रेहान मोहम्मद उर्फ टेपा (20) पुत्र शाबीर खान निवासी हुसैनी चौक, मंडव्या, बांसवाड़ा को जिला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर प्राप्त किया है। आरोपी से मामले में पूछताछ और अनुसंधान जारी है। टीम ने किया खुलासा वारदात का खुलासा करने वाली टीम में उप निरीक्षक गंगाराम, उप निरीक्षक लोकेश पालीवाल, एएसआई देवीलाल पाण्डोर, सुर्यासिंह, कांस्टेबल जिग्नेश, दिलीप कुमार, कमलेश, परेश पाटीदार, महिला कांस्टेबल कल्पना और चालक कांस्टेबल गोविंद पाटीदार शामिल रहे।
राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – RajasthanNews