भोपाल: महिला RTO अफसर की हथौड़े से हत्या, प्रेमी ने पेड़ से लटककर जान दी
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक महिला परिवहन अधिकारी (RTO) की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दतिया में आरटीओ इंस्पेक्टर के पद पर तैनात मीनाक्षी गोखले की उनके प्रेमी ने कथित तौर पर हथौड़े…
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक महिला परिवहन अधिकारी (RTO) की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दतिया में आरटीओ इंस्पेक्टर के पद पर तैनात मीनाक्षी गोखले की उनके प्रेमी ने कथित तौर पर हथौड़े से वार कर हत्या कर दी। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पवन द्विवेदी ने भी घर के पास एक पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली।
यह घटना भोपाल के खजूरी सड़क इलाके की लेकपर्ल कॉलोनी की है। पुलिस ने बताया कि मीनाक्षी रविवार रात अपनी बेटी और एक सहेली कृतिका के साथ दतिया से भोपाल आई थीं। वे सभी पवन द्विवेदी के मकान में रुकी थीं। रात में जब कृतिका और मीनाक्षी की बेटी एक कमरे में सो रही थीं, उसी दौरान दूसरे कमरे में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
शादी को लेकर हुआ था विवाद?
सोमवार सुबह जब कृतिका की नींद खुली, तो उन्होंने मीनाक्षी का शव फर्श पर खून से लथपथ पाया। उन्होंने फौरन पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को शव के पास से खून सना एक हथौड़ा भी मिला। पुलिस को आशंका है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर गंभीर विवाद हुआ, जिसके बाद पवन ने मीनाक्षी के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस को घर से कुछ ही दूरी पर एक पेड़ से पवन द्विवेदी का शव भी लटका मिला। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पवन, मीनाक्षी से शादी करना चाहता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ होगा, जो इस दोहरे हत्याकांड की वजह बना।
इंदौर में हुई थी दोनों की मुलाकात
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, पवन द्विवेदी मूल रूप से सीधी का रहने वाला था और पहले इंदौर में कोचिंग क्लास चलाता था। मीनाक्षी और पवन की मुलाकात इंदौर में ही हुई थी। बताया गया है कि मीनाक्षी शादीशुदा थीं, लेकिन करीब दो साल पहले उनका तलाक हो चुका था।
इनपुट: IANS



