नौसेना की मारक क्षमता में बड़ा इजाफा: ₹1976 करोड़ से अपग्रेड होगा बराक मिसाइल डिफेंस सिस्टम
भारतीय नौसेना अपने युद्धपोतों को हवाई खतरों से बचाने की क्षमता को और मजबूत करने जा रही है। इस दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए रक्षा मंत्रालय ने इजरायल की कंपनी 'इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज' (IAI) के…
भारतीय नौसेना अपने युद्धपोतों को हवाई खतरों से बचाने की क्षमता को और मजबूत करने जा रही है। इस दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए रक्षा मंत्रालय ने इजरायल की कंपनी 'इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज' (IAI) के साथ एक अहम अनुबंध किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस समझौते के तहत नौसेना के जहाजों पर तैनात बराक पॉइंट डिफेंस मिसाइल सिस्टम को उन्नत किया जाएगा।
नई दिल्ली में 18 नवंबर को हुए इस सौदे की कुल लागत 1,976.40 करोड़ रुपये है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में इस अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता भारतीय नौसेना के आधुनिकीकरण की प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य अपने बेड़े को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
क्या बदलेगा इस अपग्रेड से?
इस परियोजना के तहत बराक मिसाइल प्रणाली के पुराने हो चुके उपकरणों और तकनीक को बदला जाएगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इसमें हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर दोनों स्तरों पर व्यापक सुधार शामिल हैं। इस उन्नयन का मुख्य लक्ष्य मिसाइल सिस्टम की क्षमता और मारक दूरी को बढ़ाना है। इससे यह प्रणाली लंबे समय तक प्रभावी ढंग से काम कर सकेगी और दुश्मन के हवाई हमलों के खिलाफ युद्धपोतों को एक मजबूत सुरक्षा कवच प्रदान करेगी।
रक्षा आधुनिकीकरण की बड़ी तस्वीर
यह अनुबंध रक्षा मंत्रालय द्वारा स्वीकृत कई खरीद प्रस्तावों में से एक है। इससे पहले नौसेना के लिए कॉम्पैक्ट ऑटोनोमस सरफेस क्राफ्ट, ब्रह्मोस फायर कंट्रोल सिस्टम और लॉन्चर्स के साथ-साथ बराक-1 मिसाइल सिस्टम के अपग्रेडेशन को भी मंजूरी दी गई थी। गौरतलब है कि पिछले महीने ही मंत्रालय ने वायुसेना और नौसेना की ताकत बढ़ाने के लिए 4,106 करोड़ रुपये के दो अन्य बड़े समझौते किए थे, जिनमें वायुसेना के लिए संचार उपग्रह जीसैट-7सी और नौसेना के लिए वरुणास्त्र टॉरपीडो शामिल हैं।
इनपुट: IANS



