बाढ़ प्रभावित नेपाल की मदद जारी: भारत ने 21.5 टन राहत सामग्री के साथ दो और विमान भेजे
नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बाद भारत लगातार अपने पड़ोसी देश को मानवीय सहायता पहुँचा रहा है। इसी क्रम में, भारतीय वायुसेना के दो सी-130जे विमान 21.5 टन अतिरिक्त राहत सामग्री लेकर काठमांडू पहुँचे हैं…
नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बाद भारत लगातार अपने पड़ोसी देश को मानवीय सहायता पहुँचा रहा है। इसी क्रम में, भारतीय वायुसेना के दो सी-130जे विमान 21.5 टन अतिरिक्त राहत सामग्री लेकर काठमांडू पहुँचे हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गुरुवार रात यह खेप नेपाल के विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार मंत्री महाबीर पुन को सौंपी गई।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस नई खेप में फोरेंसिक किट और चिकित्सा सामग्री भी शामिल है। जायसवाल के मुताबिक, यह अतिरिक्त सहायता नेपाल में चल रहे राहत और बचाव कार्यों को और मज़बूत करेगी और बाढ़ से प्रभावित लोगों तथा समुदायों की मदद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
भारत की निरंतर सहायता
गुरुवार को भेजे गए दो विमानों से पहले भी भारत पांच विमानों के ज़रिए नेपाल को मदद पहुँचा चुका है। बुधवार को ही भारत का पाँचवाँ राहत विमान काठमांडू उतरा था, जिसमें 11 सदस्यीय बचाव दल, विशेष बचाव उपकरण और 5.5 टन आवश्यक दवाइयाँ भेजी गई थीं।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत एक बार फिर नेपाल के साथ अपनी एकजुटता दिखाते हुए राहत कार्यों में सहयोग कर रहा है। बुधवार तक भारत की ओर से नेपाल को कुल 68 टन से अधिक की राहत सामग्री और विशेष बचाव दल भेजे जा चुके थे। भेजी गई सामग्री में कंबल, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, प्लास्टिक शीट, हाइजीन किट, खाद्य पैकेट, सोलर लैंप, पानी साफ करने की गोलियाँ और पोर्टेबल जनरेटर जैसी आवश्यक वस्तुएँ शामिल हैं।
इनपुट: IANS



