बेंगलुरु: घर में पिता और 4 साल के बेटे की लाश मिली, पत्नी पर हत्या का शक
बेंगलुरु के चिक्काबनावर इलाके में सोमवार सुबह एक घर से 34 वर्षीय व्यक्ति और उनके चार साल के बेटे का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी पर हत्या का संदेह जताते हुए मामला दर्ज कर लिया है…
बेंगलुरु के चिक्काबनावर इलाके में सोमवार सुबह एक घर से 34 वर्षीय व्यक्ति और उनके चार साल के बेटे का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी पर हत्या का संदेह जताते हुए मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना गुट्टे बसवेश्वर नगर में हुई। मृतकों की पहचान 34 वर्षीय अभिनंदन और उनके बेटे के रूप में हुई है। पुलिस का अनुमान है कि हत्याएं 16 अगस्त की रात 10 बजे से 17 अगस्त की सुबह 6 बजे के बीच की गईं।
परिजनों ने बहू पर लगाया गंभीर आरोप
चिक्काबनावर पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के मुताबिक, अभिनंदन की मां भाग्यम्मा ने अपनी बहू हरिणी और अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि हरिणी का किसी और से संबंध था और वह पहले भी घर छोड़कर जा चुकी थी, लेकिन दो महीने बाद वापस लौट आई थी। भाग्यम्मा को शक है कि इन हत्याओं के पीछे यही वजह हो सकती है।
शिकायतकर्ता भाग्यम्मा ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे जब वह घर पहुँचीं, तो उन्होंने देखा कि अभिनंदन के चेहरे, हाथ-पैर पर चोट के निशान थे और सिर से खून बह रहा था। पास में ही उनके चार साल के पोते का शव पड़ा था। शिकायत में बच्चे का गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका भी जताई गई है।
पुलिस जांच के प्रमुख पहलू
पुलिस को शक है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर होने वाले झगड़े इस दोहरे हत्याकांड का कारण हो सकते हैं। इस एंगल से भी जांच की जा रही है कि क्या हरिणी ने किसी और की मदद से इस अपराध को अंजाम दिया। पुलिस ने हरिणी और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 238 (गैर इरादतन हत्या) और 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल, हत्या के पीछे के असल मकसद और पूरी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
इनपुट: IANS



