नितिन नवीन का विपक्ष पर हमला: बंगाल में लोग अब खुलकर सांस ले रहे, अखिलेश को जनता सबक सिखाएगी
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद के माहौल को 'आजादी का भाव' बताया है और कहा है कि अब लोग वहां खुलकर सांस ले पा रहे हैं। समाचार एजेंसी…
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद के माहौल को 'आजादी का भाव' बताया है और कहा है कि अब लोग वहां खुलकर सांस ले पा रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS के साथ एक विशेष बातचीत में उन्होंने उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की राजनीति और तमिलनाडु में कांग्रेस-TVK के संबंधों पर भी अपनी राय रखी।
शनिवार को हुई इस बातचीत में नवीन ने कहा कि भाजपा सरकार बंगाल की पुरानी सांस्कृतिक विरासत को वापस लौटाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने 2021 के चुनाव से पहले और बाद के अपने पश्चिम बंगाल दौरों का जिक्र करते हुए कहा, “4 मई के बाद से मेरे पश्चिम बंगाल के जो दो दौरे रहे, उसमें मैंने देखा कि लोगों में उत्साह, आजादी का भाव है। उनको देखकर लगता है कि लोग एक कैद में थे... वो खुद के निर्णय नहीं ले पा रहे थे, अपनी बात नहीं कह पा रहे थे लेकिन अब उनके चेहरों को देखकर लगता है कि वो अब खुलकर सांस ले पा रहे हैं।”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की विचारधारा पर टिप्पणी करते हुए नितिन नवीन ने उन्हें 'दोहरे चरित्र' वाला बताया। उन्होंने कहा, “ये पहले टोपी पहनकर राजनीति करते थे। पिछले लंबे समय से टोपी से परहेज कर रहे हैं।” नवीन ने आरोप लगाया कि ये लोग केवल वोटबैंक की राजनीति करते हैं और उन्हें भारत के सांस्कृतिक इतिहास की जानकारी नहीं है। उन्होंने दावा किया कि यूपी की जनता इन 'बहरूपियों' को समझती है और चुनाव में उन्हें 'धूल चटाएगी'।
तमिलनाडु और कांग्रेस की राजनीति
तमिलनाडु में TVK और कांग्रेस के बीच चल रही खींचतान पर नवीन ने कांग्रेस की गठबंधन राजनीति की आलोचना की। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने हमेशा गठबंधन वाले दल को खत्म करने का काम ही किया है। कांग्रेस गठबंधन में विश्वास ही नहीं करती।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल सत्ता की भूखी है और इसके लिए कुछ भी कर सकती है। नवीन के अनुसार, अब कांग्रेस TVK को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है।
युवाओं को संदेश
देश के युवाओं को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 के विकसित भारत का सपना साकार करने के लिए 25 साल का रोडमैप तैयार किया गया है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया, “आप जिस भी भूमिका में हैं, समाज के जिस क्षेत्र में अपना सौ प्रतिशत दीजिए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपके साथ खड़े हैं।” उन्होंने कहा कि आज भारत नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला देश बन रहा है।
इनपुट: IANS



