2027 में ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े युद्धाभ्यास 'टेलिसमैन सेबर' में शामिल होगा भारत, तारीखों की घोषणा
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गहरे होते रक्षा संबंधों के बीच, भारत 2027 में होने वाले प्रमुख बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास 'टेलिसमैन सेबर' में हिस्सा लेगा। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, भारत में ऑस्ट्रेलिया…
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गहरे होते रक्षा संबंधों के बीच, भारत 2027 में होने वाले प्रमुख बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास 'टेलिसमैन सेबर' में हिस्सा लेगा। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने रविवार को इस अभ्यास की तारीखों की घोषणा की। यह विशाल सैन्य आयोजन 9 से 22 अगस्त 2027 तक चलेगा।
उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो क्लिप साझा कर यह जानकारी दी। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "टेलिसमैन सेबर अब तक का सबसे बड़ा और महत्वाकांक्षी संस्करण है।" उनके मुताबिक, यह अभियान जटिलता और सीखने के अवसरों से भरपूर होगा। जारी किए गए वीडियो में जल, थल और नभ में सैनिक अत्याधुनिक हथियारों और डिजिटल उपकरणों के साथ अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करते दिख रहे हैं।
अभ्यास का पैमाना और उद्देश्य
टेलिसमैन सेबर मूल रूप से ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका के नेतृत्व वाला एक प्रमुख बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास है। 2027 में होने वाले इस संस्करण में 24 अतिरिक्त साझेदार देशों को शामिल करने की योजना है, जिसके लिए लगभग 800 लोगों की एक संयुक्त प्लानिंग टीम काम करेगी। इस अभ्यास का मुख्य जोर सैन्य इंटरऑपरेबिलिटी (आपसी सामंजस्य), लॉजिस्टिक्स, ऑपरेशनल तैयारी और संयुक्त अभियानों की क्षमता को बढ़ाना है। इसे हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता के तौर पर देखा जा रहा है।
भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा सहयोग
इस अभ्यास में भारत की बढ़ती भागीदारी नई दिल्ली और कैनबरा के बीच मजबूत होते रक्षा सहयोग को दर्शाती है। उल्लेखनीय है कि जून 2026 में भारत-ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्रियों की बातचीत के दौरान, दोनों देशों ने टैलिसमैन सेबर 2027 में भारत की बढ़ी हुई भागीदारी का स्वागत किया था।
इनपुट: IANS



