गुरूवार, 30 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
राजनीति

छात्रों पर पैलेट गन का आदेश किसने दिया? कांग्रेस सांसद नासिर हुसैन ने सरकार से मांगा जवाब

कांग्रेस सांसद नासिर हुसैन ने छात्र प्रदर्शनों पर हुई कार्रवाई को लेकर सरकार से तीखे सवाल पूछे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी छात्रों के माता-पिता यह जानना चाहते हैं कि उन पर पैलेट गन, कांटेदार…

छात्रों पर पैलेट गन का आदेश किसने दिया? कांग्रेस सांसद नासिर हुसैन ने सरकार से मांगा जवाब
(फोटो: IANS)

कांग्रेस सांसद नासिर हुसैन ने छात्र प्रदर्शनों पर हुई कार्रवाई को लेकर सरकार से तीखे सवाल पूछे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी छात्रों के माता-पिता यह जानना चाहते हैं कि उन पर पैलेट गन, कांटेदार लाठियों और आंसू गैस का इस्तेमाल करने का आदेश किसने दिया था। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, हुसैन ने यह बात लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के एक बयान का बचाव करते हुए कही।

विज्ञापन

दरअसल, राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि केंद्रीय गृह मंत्री के आदेश पर छात्रों पर फायरिंग हुई थी। इस पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने आपत्ति जताते हुए राहुल गांधी से माफी और सबूत की मांग की थी। इसी विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए नासिर हुसैन ने सरकार की जवाबदेही पर जोर दिया।

सरकार से सीधे सवाल

नासिर हुसैन ने कहा, "अगर देश में पुलिस प्रशासन से संबंधित कोई मुद्दा है, तो जाहिर सी बात है कि केंद्रीय गृह मंत्री ही सामने आकर अपनी बात स्पष्ट करेंगे।" उन्होंने पूछा कि छात्रों को बेरहमी से क्यों पीटा गया और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

उन्होंने सरकार पर वादाखिलाफी का भी आरोप लगाया। हुसैन ने कहा, "सरकार ने यह वादा किया था कि आंदोलन में शामिल छात्रों को परेशान नहीं किया जाएगा। उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाएगी। लेकिन, अब पुलिस उन सभी छात्रों के घरों में पहुंच रही है, जो इस आंदोलन में शामिल हुए थे।"

आंदोलन के समर्थकों पर भी कार्रवाई

कांग्रेस सांसद के मुताबिक, कार्रवाई सिर्फ छात्रों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उनकी मदद करने वालों को भी निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, "जो लोग आंदोलनकारी छात्रों की मदद कर रहे थे, उन्हें चिन्हित करके उनके खिलाफ भी कार्रवाई हो रही है... जिन लोगों ने आंदोलन में शामिल युवाओं को खाना सहित अन्य सामग्री उपलब्ध कराई, उन्हें भी चिन्हित किया जा रहा है।"

हुसैन ने कहा कि बेरोजगार युवाओं से यह पूछा जा रहा है कि वे आंदोलन में क्यों शामिल हुए, जबकि सरकार ने उन्हें नौकरी नहीं दी। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से इस पूरे मामले पर संज्ञान लेकर संसद में बयान देने और चर्चा में भाग लेने की मांग की।

सदन में चर्चा पर जोर

एंटी-पेपर लीक बिल पर बोलते हुए नासिर हुसैन ने कहा कि कांग्रेस संसद में हर मुद्दे पर चर्चा चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को छात्रों के मुद्दे उठाने से रोक रहा है। उन्होंने कहा, "जैसे ही इस पूरी चर्चा में गृह मंत्री अमित शाह का बयान आया, तो वैसे ही ये लोग आपत्ति दर्ज कराने लगे। यही इन लोगों की रणनीति होती है।"

इनपुट: IANS

N

News4Social राजनीति डेस्क

News4Social राजनीति डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राजनीति और चुनाव से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →