अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, दर्शन करने जा रहे एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 4 घायल
अयोध्या-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी के ट्रक से टकरा जाने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे समेत
अयोध्या-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी के ट्रक से टकरा जाने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे समेत चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित परिवार गोंडा जिले से अयोध्या दर्शन के लिए आ रहा था।
यह हादसा रौनाही थाना क्षेत्र के मुबारकगंज के पास हुआ। बताया जा रहा है कि लखनऊ की तरफ से आ रही स्कॉर्पियो बहुत तेज गति में थी और उसने अपने आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घायलों की हालत गंभीर
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टर पंकज कुमार ने एजेंसी को बताया कि घायलों में एक बच्चा, एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
डॉक्टर ने यह भी बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को भर्ती कर लिया गया था, लेकिन बाद में परिवार वालों के अनुरोध पर उन्हें दूसरे अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान गोंडा जिले के मसकनवा क्षेत्र के निवासियों के रूप में हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रौनाही थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
इनपुट: IANS



