अमरावती अस्पताल अग्निकांड: 3 नवजातों की मौत पर CM ने उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए, 5-5 लाख मुआवजे का ऐलान
महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल में आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की दर्दनाक मौत हो गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को 'बेहद दुखद और हृदयविदारक' बताते हुए उच्च-स्तरीय जांच…
महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल में आग लगने से तीन नवजात शिशुओं की दर्दनाक मौत हो गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को 'बेहद दुखद और हृदयविदारक' बताते हुए उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे में 36 बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं।" उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इस घटना के दोषियों पर कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सरकार का कदम और आर्थिक मदद
सीएम फडणवीस ने घोषणा की है कि राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक नवजात के परिवार को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने अमरावती जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि घायल बच्चों का पूरा इलाज सरकारी खर्च पर सुनिश्चित किया जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव, दोनों को तुरंत अमरावती का दौरा करने के लिए कहा गया है।
नेताओं ने जताया दुख और उठाए सवाल
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "अमरावती के जिला महिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई में तड़के लगी आग में नवजात शिशुओं की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु की घटना बेहद पीड़ादायक है।" उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
घटना के बाद अस्पताल का दौरा करने वालीं भाजपा नेता और पूर्व सांसद नवनीत राणा ने व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "अगर आग लगती भी है, तो उससे निपटने के लिए व्यवस्था होती हैं। स्प्रिंकलर तुरंत चालू होना चाहिए था। वेंटिलेटर विस्फोट कैसे हुआ?" राणा ने चेतावनी दी कि जांच में दोषी पाए जाने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा और कहा कि जान की कोई कीमत नहीं लगाई जा सकती।
इनपुट: IANS



