तूफान इसायस ने अमेरिका में मचाई तबाही, फ्लोरिडा और अलबामा में 7 लाख से ज्यादा घरों की बिजली गुल
अमेरिका के फ्लोरिडा पैनहैंडल और अलबामा में तूफान इसायस ने भारी नुकसान पहुंचाया है, जिससे 7.26 लाख से ज़्यादा घरों और प्रतिष्ठानों की बिजली चली गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह…
अमेरिका के फ्लोरिडा पैनहैंडल और अलबामा में तूफान इसायस ने भारी नुकसान पहुंचाया है, जिससे 7.26 लाख से ज़्यादा घरों और प्रतिष्ठानों की बिजली चली गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह तूफान शुक्रवार रात को श्रेणी-2 के हरिकेन के रूप में फ्लोरिडा के डेस्टिन के पास तट से टकराया, जिसके बाद कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
यह 2024 में हरिकेन मिल्टन के बाद पूर्वी अमेरिका से टकराने वाला पहला हरिकेन है। इसायस के प्रभाव से खाड़ी तट के निचले इलाकों में तेज हवाएं चलीं। फ्लोरिडा के डेस्टिन में सड़कें जलमग्न हो गईं, जबकि पेंसाकोला में पुलिस ने बिखरे मलबे को देखते हुए लोगों से घरों में ही रहने की अपील की। खराब मौसम के चलते कुछ काउंटी में आपातकालीन सेवाओं को भी अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।
बिजली गुल और बाढ़ का संकट
बिजली आपूर्ति पर नज़र रखने वाली वेबसाइट 'पावरआउटेज डॉट कॉम' के अनुसार, शनिवार सुबह तक फ्लोरिडा और अलबामा में 7,26,000 से अधिक उपभोक्ता बिना बिजली के थे। अलबामा के दक्षिणी हिस्सों में भी बाढ़ जैसे हालात बन गए। मोबाइल शहर में अधिकारियों ने पेड़ और बिजली की लाइनें गिरने की सूचना दी, जबकि ह्यूस्टन काउंटी में कई सड़कें बंद करनी पड़ीं।
मौसम विभाग की चेतावनी और उड़ानें प्रभावित
हालांकि तूफान अब कमजोर पड़ गया है, लेकिन मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। सप्ताहांत में दक्षिणी अलबामा, फ्लोरिडा पैनहैंडल और दक्षिण-पश्चिमी जॉर्जिया में 10 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश का अनुमान है, जिससे बाढ़ का खतरा बना हुआ है। तूफान के कारण शुक्रवार को डेस्टिन-फोर्ट वॉल्टन बीच एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें रोक दी गईं। नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (एनओएए) और नेशनल हरिकेन सेंटर (एनएचसी) इस पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और फ्लोरिडा, जॉर्जिया तथा कैरोलाइना के कुछ हिस्सों में बवंडर की भी आशंका जताई है।
इनपुट: IANS



