समाजवादी पार्टी का '2027 संकल्प': पुरानी पेंशन, 10 लाख नौकरी और कर्जमाफी समेत कई बड़े वादे
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान दिवस के अवसर पर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र जारी कर दिया है। 'जन-मन घोषणा-पत्र' और 'सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का…
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान दिवस के अवसर पर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र जारी कर दिया है। 'जन-मन घोषणा-पत्र' और 'सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र' शीर्षक वाले इन दस्तावेजों में पार्टी ने युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और महिलाओं से जुड़े कई अहम वादे किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, सपा ने सामाजिक न्याय, रोजगार और आर्थिक सुरक्षा को अपने चुनावी एजेंडे के केंद्र में रखा है।
घोषणा पत्र में किए गए वादों के अनुसार, अगर सपा की सरकार बनती है तो पहली ही कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को तत्काल भरने का फैसला लिया जाएगा। इसके अलावा, जब तक पात्र बेरोजगार स्नातकों को नौकरी नहीं मिल जाती, तब तक उन्हें हर महीने पांच हजार रुपए का पोषण भत्ता देने का भी ऐलान किया गया है।
युवा और शिक्षा पर खास ध्यान
अखिलेश यादव ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई होगी और इसके लिए संबंधित मंत्री व अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। पार्टी ने सरकारी भर्तियों की पूरी प्रक्रिया तीन से छह महीने में पूरी करने का वादा किया है। शिक्षा के क्षेत्र में, 12वीं पास छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देने, 26 हजार बंद प्राथमिक स्कूलों को फिर से खोलने और प्रदेश में नई शिक्षा नीति लागू करने की घोषणा की गई है। साथ ही, शहरी रोजगार गारंटी कानून लाने का भी प्रस्ताव है।
किसान, आरक्षण और सामाजिक न्याय
किसानों को लुभाने के लिए सपा ने कर्जमाफी के साथ-साथ प्रदेश की 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने का वादा किया है। गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे में सुनिश्चित करने के लिए 15 हजार करोड़ रुपए का एक कॉर्पस फंड बनाने की भी बात कही गई है। एक अहम वादे में, सपा ने 50 करोड़ रुपए तक के सरकारी ठेकों में दलितों और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग को 50 फीसदी आरक्षण देने की घोषणा की है। पार्टी ने जातिगत जनगणना कराने और दलितों के विकास के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में 'दलित विकास परिषद' के गठन का भी प्रस्ताव रखा है।
महिला, गरीब और कर्मचारी वर्ग के लिए घोषणाएं
सपा के घोषणा पत्र में बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपए पेंशन और बुजुर्ग कारीगरों को भी इतनी ही वार्षिक आर्थिक सहायता देने का वादा है। गरीबों को सस्ता भोजन उपलब्ध कराने के लिए समाजवादी कैंटीन खोलने की घोषणा की गई है, जहाँ पांच रुपए में भोजन मिलेगा। वहीं, सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने का एक बड़ा ऐलान किया गया है।
कानून-व्यवस्था और भाजपा पर निशाना
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार गुंडागर्दी, अवैध कब्जे और महिलाओं के खिलाफ अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी। उन्होंने भूमाफिया से निपटने के लिए एक विशेष कार्यबल (एसटीएफ) बनाने का भी ऐलान किया। भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, "अच्छे दिन आने का इंतजार करते-करते लोग थक चुके हैं और अब बुरे दिन जाने वाले हैं।"
इनपुट: IANS


