अखिलेश यादव पर ओपी राजभर का बड़ा हमला, गोरखपुर रोड शो में किशोर की मौत पर उठाए गंभीर सवाल
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने गोरखपुर में सपा की पीडीए रथ यात्रा के दौरान एक किशोर की मौत को लेकर…
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने गोरखपुर में सपा की पीडीए रथ यात्रा के दौरान एक किशोर की मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं और इस मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, राजभर ने अखिलेश यादव की राजनीति को 'अराजकता का प्रतीक' बताते हुए कई मुद्दों पर उन्हें घेरा।
पत्रकारों से बातचीत में राजभर ने गोरखपुर में हुए रोड शो के दौरान 13 वर्षीय किशोर आर्यवर्धन की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि जिस परिवार का बेटा चला जाता है, उस पर क्या बीतती है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने इस घटना को लेकर हत्या का मुकदमा दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आजम खान से लेकर कानून-व्यवस्था तक पर निशाना
ओपी राजभर ने सपा नेता आजम खान की मौजूदा हालत के लिए भी अखिलेश यादव को ही जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने दावा किया कि आजम खान के खिलाफ लगभग 90 प्रतिशत मुकदमे समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में ही दर्ज हुए थे।
इसके अलावा, उन्होंने सपा नेताओं के "लाठियों पर घी लगाने" वाले बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज है और हर कोई सुरक्षित महसूस करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके विपरीत, अखिलेश यादव की सरकार के दौरान प्रदेश में गुंडाराज था और दंगे-हिंसा आम बात थी।
'असली बी-टीम तो समाजवादी पार्टी है'
राजभर ने चंद्रशेखर आजाद की मुख्यमंत्री योगी को चुनौती देने वाली बात पर कहा कि उन्हें पहले चुनाव लड़कर अपनी सरकार बनानी चाहिए, सिर्फ बयान देने से राजनीतिक ताकत साबित नहीं होती।
एक बड़ा आरोप लगाते हुए राजभर ने समाजवादी पार्टी को ही भाजपा की 'बी-टीम' बताया। उन्होंने दावा किया, "अखिलेश यादव, शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव रात में गुलदस्ते लेकर मुख्यमंत्री योगी से मिलते हैं और अमित शाह से भी मुलाकात करते हैं।" उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इन नेताओं की तस्वीरें भी वायरल होती रहती हैं।
सोशल मीडिया पर भी साधा निशाना
इस मुद्दे पर ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भी एक विस्तृत पोस्ट लिखी। उन्होंने लिखा, "करा आए बेइज्जती गोरखपुर में? कर लिया सड़कों पर तांडव? इसी तांडव के बीच गोरखपुर में आपके गुंडों ने एक मासूम की जान ले ली।" उन्होंने पोस्ट में लिखा कि अखिलेश यादव ने न तो दुख प्रकट किया और न ही संवेदना जताई। राजभर ने तंज कसते हुए कहा, "हम आपको मित्र की तरह समझाते हैं, लेकिन आपको और आपके लोडरों को मिर्ची लग जाती है... लोफरों की संगत छोड़ दीजिए... नहीं तो सत्ताईस में सत्यानाश तय है।"
इनपुट: IANS



