यूपी विधानसभा चुनाव 2027: अखिलेश यादव ने की 'PDA प्रणपत्र' की घोषणा, संविधान दिवस पर जारी होगा घोषणापत्र
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारियों का शंखनाद कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार…
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारियों का शंखनाद कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने 'पीडीए का प्रणपत्र' नाम से एक घोषणापत्र जारी करने का ऐलान किया है, जिसे 'जन-मन का मैनीफेस्टो' भी कहा गया है।
यह घोषणापत्र 26 नवंबर 2026 को यानी संविधान दिवस के अवसर पर जारी किया जाएगा। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, “सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र ‘संविधान दिवस’ 26 नवंबर 2026 के लोकतांत्रिक पावन अवसर पर हम जारी करेंगे ‘जन-मन का मैनीफेस्टो’।”
PDA रणनीति पर फोकस
समाजवादी पार्टी ने अपनी पूरी राजनीतिक रणनीति पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग को केंद्र में रखकर बनाई है। 2024 के लोकसभा चुनाव में इस रणनीति से मिली सफलता के बाद, पार्टी अब इसी एजेंडे को लेकर आगे बढ़ रही है। इस घोषणापत्र के जरिए पार्टी जनता की आकांक्षाओं, उनके अधिकारों और जमीनी मुद्दों को चुनावी बहस के केंद्र में लाने की कोशिश करेगी।
भाजपा को घेरने की तैयारी
हालांकि विधानसभा चुनाव में अभी काफी समय है, लेकिन अखिलेश यादव ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। वह सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतंत्र जैसे मुद्दों पर लगातार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साध रहे हैं। इसके अलावा, सपा नेतृत्व की नजरें भाजपा के असंतुष्ट नेताओं पर भी हैं, जिन्हें अपने पाले में लाकर पार्टी 2027 के चुनावी समीकरण को मजबूत करना चाहती है। इस घोषणापत्र का ऐलान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इनपुट: IANS



