अभिनेता इमरान खान की मुश्किलें बढ़ीं, OCI कार्ड रद्द करने के लिए किरीट सोमैया ने गृह मंत्रालय को लिखा पत्र
बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को मुंबई पुलिस द्वारा 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिए जाने के बाद अब उनका 'ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया' (ओसीआई) कार्ड रद्द करने की भी मांग उठी है। समाचार एजेंसी IANS की…
बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को मुंबई पुलिस द्वारा 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिए जाने के बाद अब उनका 'ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया' (ओसीआई) कार्ड रद्द करने की भी मांग उठी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता किरीट सोमैया ने इस संबंध में विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) और केंद्रीय गृह मंत्रालय को एक पत्र लिखा है।
सोमैया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर यह जानकारी साझा करते हुए अपने पत्र की एक प्रति भी पोस्ट की। उन्होंने लिखा, "मैंने एफआरआरओ और गृह मंत्रालय को लिखा कि इमरान खान का ओसीआई कार्ड रद्द कर दिया जाना चाहिए।" इमरान खान अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास ओसीआई कार्ड है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक प्रदर्शन से जुड़ा है। किरीट सोमैया ने अपने पत्र में बताया कि इमरान खान ने 'हम भारत के लोग' समूह द्वारा आयोजित एक विरोध प्रदर्शन में भाग लिया था। यह प्रदर्शन भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सीजेपी के आंदोलन के समर्थन में किया गया था और इसके लिए पुलिस से कोई अनुमति नहीं ली गई थी।
पत्र के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान इमरान खान ने मीडिया से कहा, "मैं यहां एक नागरिक के तौर पर आया हूं, इसलिए मैं यहां हूं।" इसके बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ हिरासत में ले लिया था।
पुलिस और अधिकारियों से शिकायत
सोमैया ने बताया कि उन्होंने घटना के दिन ही यानी 10 अक्टूबर को मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त को इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने एक विदेशी नागरिक द्वारा भारत में राजनीतिक आंदोलन में हिस्सा लेने पर कानून के अनुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया था। इसके बाद 12 अक्टूबर को उन्होंने मुंबई के पुलिस आयुक्त, संयुक्त पुलिस आयुक्त और गामदेवी पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायतें भी दर्ज कराईं।
गौरतलब है कि इस प्रदर्शन में शामिल होने के कारण इमरान खान पर इमिग्रेशन एंड फॉरेन एक्ट की धारा 7 और 29 के तहत कार्रवाई की गई है। इसी कार्रवाई के तहत मुंबई पुलिस ने उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का नोटिस दिया है। इमरान खान अभिनेता आमिर खान के भांजे हैं।
इनपुट: IANS



