यूपी के मंत्री असीम अरुण का अखिलेश यादव पर निशाना, कहा- 'PDA का नारा सत्ता की सीढ़ी, कन्नौज में नहीं रुके एक भी रात'
उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सोमवार को अरुण ने…
उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, सोमवार को अरुण ने अखिलेश यादव के 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को सत्ता तक पहुंचने का जरिया बताते हुए इसे एक चुनावी ढोंग करार दिया।
असीम अरुण ने अखिलेश यादव की उनके संसदीय क्षेत्र कन्नौज से दूरी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “कन्नौज की जनता ने अखिलेश यादव को सांसद चुनकर बड़ी भूल कर दी। ढाई साल से अधिक का वक्त गुजर चुका है, लेकिन वह एक रात भी अपने संसदीय क्षेत्र में नहीं ठहरे।” अरुण ने आरोप लगाया कि यादव सिर्फ रस्म अदायगी के लिए आते हैं, एक्सप्रेसवे पर कुछ कार्यकर्ताओं से मिलते हैं और लखनऊ लौट जाते हैं।
खाली कुर्सियों पर तंज
हाल ही में कन्नौज में हुए सपा के पीडीए सम्मेलन में कथित तौर पर कम भीड़ और खाली कुर्सियों के कारण जिला कार्यकारिणी भंग किए जाने पर भी असीम अरुण ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि सम्मेलन की तस्वीरें सपा के जमीनी जनाधार का असली आईना हैं और कार्यकर्ताओं की गैर-मौजूदगी अप्रत्याशित नहीं है। उनके मुताबिक, “जो बिखराव आज कन्नौज में दिख रहा है, वही पूरे प्रदेश में सपा की वास्तविक स्थिति है।”
'सपा का विजन क्या है?'
मंत्री असीम अरुण ने अखिलेश यादव की नीतियों को लेकर भी प्रश्न खड़े किए। उन्होंने कहा, “चुनाव नजदीक आते ही अखिलेश यादव को पीडीए की याद सताने लगती है, लेकिन उनका असली एजेंडा क्या है?” उन्होंने आगे कहा कि अखिलेश मुख्यमंत्री तो बनना चाहते हैं, पर यह नहीं बताते कि कुर्सी पाकर वे क्या करेंगे। अरुण ने दावा किया कि कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर अखिलेश यादव चुप रहते हैं। उन्होंने सपा को वैचारिक रूप से खोखला और नीतिगत रूप से दिवालिया बताया, जिसका एकमात्र लक्ष्य परिवार को सत्ता का लाभ पहुंचाना है।
भाजपा सरकार की सराहना
अपनी पार्टी के कामकाज का उल्लेख करते हुए असीम अरुण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली 'डबल इंजन' सरकार विकास के नए मानक स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनकल्याणकारी नीतियों और राजनीतिक नैतिकता के आधार पर जनता के भरोसे के साथ आगे बढ़ रही है, जबकि सपा जैसे दल केवल अवसरवादी नारों के सहारे अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं।
इनपुट: IANS



