कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के वाराणसी चुनाव लड़ने के सारे क़यासों पर ब्रेक लग गया है। कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को चुनावी टक्कर देने के लिए एक बार फिर अजय राय को मैदान में उतारा है। बता दें कि 2014 के चुनाव में अजय राय कांग्रेस के टिकट पर वाराणसी सीट से नरेन्द्र मोदी के ख़िलाफ़ चुनाव लड़े थे, लेकिन उन्हें क़रारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था।
प्रियंका गांधी के वाराणसी सीट से चुनाव लड़ने के तमाम क़यास थम गए हैं। कांग्रेस ने बीजेपी को उसके घर में घेरने के लिए 2014 वाला ही प्लान बनाया है। यहां से पीएम मोदी के ख़िलाफ़ अजय राय कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। ये फ़ैसला कांग्रेस की केन्द्रीय चुनाव समिति ने लिया है। ये सीट भारतीय जनता पार्टी का गढ़ मानी जाती है ऐसे में कहा ये जा रहा है कि यहां एक-तरफ़ा मुक़ाबला देखने को मिल सकता है।
बता दें कि 2014 के चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी को 5 लाख 81 हज़ार से ज़्यादा वोट मिले थे, वहीं, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अरविन्द केजरीवाल दूसरे नंबर पर रहे और उन्हें 2 लाख से ज़्यादा वोट मिले थे। कांग्रेस के प्रत्याशी अजय राय के खाते में 75 हज़ार छः सौ चौदह वोट गए और तीसरे पायदान पर रहे।

