एयर इंडिया में नेतृत्व परिवर्तन: इथियोपियन एयरलाइंस के पूर्व प्रमुख टेवोल्डे गेबरमारियम बने नए CEO और MD
टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया ने अपने नेतृत्व में एक बड़े बदलाव की घोषणा की है। विमानन उद्योग के दिग्गज टेवोल्डे गेबरमारियम को एयरलाइन का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक…
टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया ने अपने नेतृत्व में एक बड़े बदलाव की घोषणा की है। विमानन उद्योग के दिग्गज टेवोल्डे गेबरमारियम को एयरलाइन का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया गया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, वह कैंपबेल विल्सन की जगह लेंगे। कंपनी का मानना है कि यह नियुक्ति एयर इंडिया को एक विश्वस्तरीय वैश्विक एयरलाइन बनाने की यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
एयर इंडिया के निदेशक मंडल ने एक विशेष समिति की देखरेख में वैश्विक स्तर पर नए CEO की तलाश की थी। इस प्रक्रिया में कई आंतरिक और अंतरराष्ट्रीय उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया गया। बोर्ड का लक्ष्य एक ऐसे लीडर को चुनना था, जिसे बड़े पैमाने पर एयरलाइन के पुनर्गठन, परिचालन उत्कृष्टता, सुरक्षा मानकों और लाभदायक विस्तार का अनुभव हो। बोर्ड ने सर्वसम्मति से इस भूमिका के लिए टेवोल्डे गेबरमारियम को सबसे उपयुक्त पाया।
कौन हैं टेवोल्डे गेबरमारियम?
टेवोल्डे गेबरमारियम को वैश्विक विमानन उद्योग के सबसे सफल अधिकारियों में से एक माना जाता है। उन्होंने एक दशक से ज़्यादा समय तक इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के CEO के रूप में काम किया। उनके नेतृत्व में, यह एयरलाइन एक क्षेत्रीय कंपनी से अफ्रीका के सबसे बड़े, सबसे ज़्यादा मुनाफ़ा कमाने वाले और सम्मानित एयरलाइन समूह में बदल गई। इस दौरान कंपनी का राजस्व चार गुना से अधिक और विमानों का बेड़ा लगभग तीन गुना बढ़ा।
उनके अनुभव में जटिल परिचालन प्रबंधन, संगठनात्मक बदलाव, वैश्विक हब विकसित करना, और मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल (MRO) सुविधाओं को मज़बूत करना शामिल है। एयर इंडिया अब पुनर्गठन के शुरुआती दौर से आगे बढ़कर तेज़ विकास के चरण में प्रवेश कर रही है, जहाँ गेबरमारियम का अनुभव बेहद अहम माना जा रहा है।
नई नियुक्ति पर क्या कहा गया?
एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा, "कैंपबेल विल्सन के नेतृत्व में एयर इंडिया ने स्थिरीकरण, एकीकरण और नए विमानों के अधिग्रहण की शुरुआती प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की है। अब एयरलाइन विस्तार और क्रियान्वयन के नए चरण में प्रवेश कर रही है, जहां टेवोल्डे का अनुभव एयर इंडिया को एक प्रमुख वैश्विक एयरलाइन और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।"
वहीं, अपनी नियुक्ति पर टेवोल्डे गेबरमारियम ने कहा, "एयर इंडिया जैसे ऐतिहासिक ब्रांड का नेतृत्व करना उनके लिए सम्मान की बात है। भारत की तेजी से बढ़ती आर्थिक क्षमता के अनुरूप एक विश्वस्तरीय वैश्विक एयरलाइन का निर्माण करने का अवसर बेहद प्रेरणादायक है।" उन्होंने भरोसा जताया कि वह कंपनी के कर्मचारियों, निदेशक मंडल और सभी साझेदारों के साथ मिलकर परिचालन विश्वसनीयता, भारतीय आतिथ्य और दीर्घकालिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
इनपुट: IANS



