आजम खान की हालत पर योगी के मंत्री का अखिलेश पर बड़ा हमला, कहा- सपा ने दिया धोखा
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा नेता आजम खान की मौजूदा दुर्दशा के लिए सीधे तौर पर अखिलेश यादव…
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा नेता आजम खान की मौजूदा दुर्दशा के लिए सीधे तौर पर अखिलेश यादव को जिम्मेदार ठहराया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, राजभर ने आरोप लगाया कि सपा ने आजम खान का इस्तेमाल सिर्फ मुस्लिम मतदाताओं तक अपनी पहुंच बनाने के लिए किया।
वाराणसी में दिए अपने बयान में अनिल राजभर ने कहा कि प्रदेश के मुस्लिम समाज और खुद आजम खान को सबसे बड़ा धोखा समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव से मिला है। उन्होंने सपा की सामाजिक न्याय की नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी मुस्लिम समाज की आबादी का हवाला देकर उन्हें कार्यकर्ता बनाती है, जबकि मुख्यमंत्री यादव समाज से ही बनता है।
मुस्लिम मुख्यमंत्री की चुनौती
राजभर ने समाजवादी पार्टी को चुनौती देते हुए कहा, "यदि समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व को वास्तव में मुस्लिम समाज से हमदर्दी है, तो उन्हें घोषणा करनी चाहिए कि मौका मिलने पर अगली सरकार में मुस्लिम समाज के किसी व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।" उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख को इस मामले में बड़ा दिल दिखाना चाहिए।
जेल जाने और मुलाकात में देरी पर सवाल
योगी सरकार के मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि आजम खान से दलितों, पिछड़ों और रामपुर के लोगों की जमीन पर कब्जे जैसे काम कराए गए, जबकि सपा नेतृत्व पर्दे के पीछे रहा, जिसके बाद खान को जेल जाना पड़ा। अनिल राजभर ने अखिलेश यादव द्वारा आजम खान से जेल में मिलने में हुई देरी पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि अगर सैफई परिवार का कोई सदस्य जेल में होता, तो क्या अखिलेश उनसे मिलने में इतनी देर करते? उन्होंने यह भी कहा कि सपा प्रमुख जनता के बीच जाने के बजाय सोशल मीडिया के जरिए लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
इनपुट: IANS



