दिल्ली: सड़क निरीक्षण के दौरान मंत्री पर AAP कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने का आरोप, पुलिस में शिकायत दर्ज
दिल्ली के तिलक नगर इलाके में सड़क निरीक्षण के दौरान दिल्ली सरकार के एक मंत्री पर आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ता के साथ मारपीट का आरोप लगा है। 'आप' विधायक जरनैल सिंह के सोशल मीडिया का काम देखने वाले…
दिल्ली के तिलक नगर इलाके में सड़क निरीक्षण के दौरान दिल्ली सरकार के एक मंत्री पर आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ता के साथ मारपीट का आरोप लगा है। 'आप' विधायक जरनैल सिंह के सोशल मीडिया का काम देखने वाले साहिब सिंह ने आरोप लगाया है कि मंत्री प्रवेश वर्मा ने न केवल उनका मोबाइल फोन छीना, बल्कि उन्हें थप्पड़ भी मारा। इस घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
समाचार एजेंसी IANS से हुई बातचीत में साहिब सिंह ने पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह 'आप' विधायक जरनैल सिंह के साथ समन्वय और सोशल मीडिया का काम देखते हैं। जब उन्हें पता चला कि मंत्री प्रवेश वर्मा इलाके में सड़क का निरीक्षण करने आ रहे हैं, तो वह भी कुछ स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुँच गए ताकि उन्हें सड़क की खराब हालत दिखा सकें।
लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान हुई घटना
साहिब सिंह के अनुसार, वह उस समय विधायक जरनैल सिंह के सोशल मीडिया पेज से पूरी स्थिति की लाइव स्ट्रीमिंग कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया, “लाइव स्ट्रीम को रोकने के लिए प्रवेश वर्मा ने मेरे हाथ से फोन छीन लिया। इसके बाद उन्होंने मुझ पर हाथ उठाया और मुझे थप्पड़ मारा।” साहिब सिंह ने यह भी दावा किया कि मंत्री के सुरक्षाकर्मियों ने भी उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की।
सीएम केजरीवाल ने की गिरफ्तारी की मांग
इस मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर मंत्री प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने लिखा, “मैं सोमवार को यहां जाऊंगा।” वहीं, 'आप' विधायक जरनैल सिंह ने भी मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि घोटाला उजागर होते देख मंत्री आपा खो बैठे और उनके साथी के साथ "गुंडागर्दी" की। साहिब सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी पुलिस शिकायत में मंत्री के साथ आए उन लोगों के नाम भी दिए हैं, जिन्होंने उन्हें कथित तौर पर धमकी दी थी।
इनपुट: IANS



