रोहतक- कार में मिली दिल्ली पुलिसकर्मी की डेडबॉडी: कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में 2 दिन ड्यूटी लगी थी, पुलिस बोली- दम घुटा होगा – Rohtak News h3>
रोहतक में सांपला हाईवे पर सोमवार सुबह कनक ढाबे के सामने सड़क किनारे खड़ी एक i-20 कार में दिल्ली पुलिस के एक जवान का शव मिला। कार के दरवाजे अनलॉक थे और शव ड्राइविंग सीट पर पड़ा हुआ था। शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद सांपला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि मौत दम घुटने से हुई हो सकती है। कार के सभी शीशे बंद थे और ड्राइविंग सीट आराम की स्थिति में पीछे की ओर झुकी हुई थी। मृतक की पहचान झज्जर के आसौदा गांव निवासी सुधीर (36) के रूप में हुई है। वह दिल्ली के आदर्श नगर थाने में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात थे। शनिवार को जंतर-मंतर पर हुए कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान उनकी दो दिन की ड्यूटी लगी हुई थी। शाम को गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया। सिलसिलेवार जानिए पूरा घटनाक्रम 2012 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुए थे सुधीर सहदेव ने बताया कि सुधीर रिश्ते में उनके जीजा लगते थे। वह 2012 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुए थे। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में मां, पत्नी, 13 वर्षीय बेटी आन्या और 6 वर्षीय बेटा विहान हैं। परिवार की जिम्मेदारी मुख्य रूप से उन्हीं के कंधों पर थी। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में लगी थी ड्यूटी सहदेव के अनुसार, पिछले दो-तीन दिनों से सुधीर की दिल्ली में विशेष ड्यूटी लगी हुई थी। जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के कारण उन्हें लगातार ड्यूटी करनी पड़ रही थी, इसलिए वह दो दिन से घर नहीं आ पाए थे। रविवार शाम को उनकी परिवार से बात हुई थी, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं पहुंचे। रात 11 बजे के बाद नहीं हुआ संपर्क परिजनों ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे के बाद सुधीर से संपर्क नहीं हो सका। परिवार के लोग लगातार उनके मोबाइल पर कॉल करते रहे, लेकिन फोन नहीं लगा। इसके बाद परिजन पूरी रात परेशान रहे और दिल्ली पुलिस में उनके साथियों व परिचितों से जानकारी जुटाने की कोशिश करते रहे। हालांकि, कहीं से कोई सुराग नहीं मिला। सुबह कार में मिला शव सोमवार सुबह कनक ढाबे के पास हाईवे किनारे खड़ी i-20 कार में सुधीर का शव मिला। वह ड्राइविंग सीट पर थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कार उनके घर से करीब 10 किलोमीटर दूर खड़ी थी। सुधीर पूरी तरह स्वस्थ थे और उन्हें किसी तरह की गंभीर बीमारी नहीं थी। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा, रिपोर्ट का इंतजार सांपला थाना प्रभारी प्रदीप ने बताया कि ढाबे के पास खड़ी कार में शव होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। गाड़ी में मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान की गई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। सोमवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, मौत के सही कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



