टूटे पुल से नीचे गिरी बाइक, चाचा की मौत: भतीजा गंभीर, भैंस के लिए दवा लेने जा रहे थे; बाइक फिसलने से हादसा – Panna News h3>
पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र में एक टूटे हुए पुल से बाइक सवार चाचा-भतीजे सीधे नीचे गिर गए। इस हादसे में 60 वर्षीय चाचा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन की अनदेखी को लेकर भारी गुस्सा है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है। भैंस के लिए दवा लेने जा रहे थे जानकारी के मुताबिक, ग्राम खमरिया निवासी मिट्ठूलाल पाल (60) अपने भतीजे चंद्रभान पाल (25) के साथ बाइक पर सवार होकर बरियारपुर जा रहे थे। वे भैंस के लिए दवा लेने निकले थे। शाम करीब 7:30 बजे जब वे गड़ड़पुर पुल के पास पहुंचे, तो रात के अंधेरे में उन्हें यह अंदाजा नहीं हुआ कि पुल आगे से टूटा हुआ है। पलक झपकते ही उनकी बाइक बेकाबू होकर पुल के गहरे गड्ढे में जा गिरी। करीब दस फिट से नीचे गिरने के बाद मिट्ठूलाल पाल के सिर और अन्य जगह गंभीर चोट आई। अस्पताल में चाचा को मृत घोषित किया हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत ‘112 डायल’ पुलिस को सूचना दी। लोगों की मदद से दोनों को कड़ी मशक्कत के बाद पुल के नीचे से बाहर निकाला गया और अजयगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मिट्ठूलाल पाल को मृत घोषित कर दिया। घायल चंद्रभान पाल का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। लोग बोले- यह प्रशासन की बड़ी लापरवाही ग्रामीणों ने बताया कि भारी बारिश की वजह से यह पुल काफी समय पहले ही टूट चुका था। इतने दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन ने यहां न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया और न ही रास्ते को रोकने के लिए बैरिकेड्स लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार पुल की मरम्मत की मांग कर चुके थे, लेकिन अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। इसी लापरवाही की वजह से आज एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। अजयगढ़ थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर ने बताया- बाइक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे गिरने से वृद्ध की मौत हुई है। यह हादसा पुल टूटा होने और अंधेरे के कारण चालक द्वारा नियंत्रण खो देने की वजह से हुआ। शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है।