छठ पर्व पर पवन सिंह पहुंचे अपने पैतृक गांव जोकहरी: मां गंगा, सूर्य भगवान से लिया आशीर्वाद; महुली घाट पर ओरिए-ओरिए मधु चुवे गाया – Bhojpur News h3>
पवन सिंह पहुंचे अपने पैतृक गांव जोकहरी पहुंचे।
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह सोमवार को अपने पैतृक गांव जोकहरी पहुंचे। जैसे ही गांव में उनके आने की खबर फैली, सैकड़ों की संख्या में लोग और उनके समर्थक उन्हें देखने के लिए जुट गए।
.
पवन सिंह ने सबसे पहले मौजमपुर गंगा घाट पहुंचकर मां गंगा का आशीर्वाद लिया। वहां उन्होंने गंगाजल लेकर अपने ऊपर छिड़का और लोक आस्था के इस पर्व के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इसके बाद वे पास के श्री श्री 1008 श्री सदगुरु श्री माता मनोरथ दासी जी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा अर्चना कर माथा टेका।
पवन सिंह ने घर पहुंचकर सभी बड़ों के पैर छुए।
पवन सिंह को देखने के लिए छठ घाट पर जुटे फैंस
इसके बाद पवन सिंह महुली घाट पहुंचे और वहां आदित्यनाथ सूर्य भगवान की आराधना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए अपने सुपरहिट छठ गीत ओरिए-ओरिए मधु चुवे की दो पंक्तियां गाईं। गीत की मधुर धुन सुनकर मौजूद लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई, और पूरा माहौल छठ गीतों से गूंज उठा।
गांव में उनके पहुंचने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। पवन सिंह को देखने और उनके साथ तस्वीरें लेने की होड़ लग गई। भीड़ में हर तरफ से पावर स्टार जिंदाबाद और TRP स्टार जिंदाबाद के नारे गूंज उठे।
गंगा घाट पर जाकर की पूजा अर्चना
20 मिनट तक घर पर रहे, परिजन से मुलाकात कर घाट पर पहुंचे
गांव पहुंचते ही पवन सिंह ने अपने दोनों चाचा, बड़े भाइयों और छठ का व्रत रखी चाची के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। करीब बीस मिनट तक घर पर रुककर उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और छठ की तैयारियों की जानकारी ली। गांव के मौजमपुर और महुली घाट पर पवन सिंह की मौजूदगी से छठ का उत्सव और भी भव्य हो गया। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी उन्हें देखने उमड़ पड़े। कई महिलाओं ने उनके गीतों पर थिरकते हुए कहा कि हमरा पवनवा आ गइलें, अब छठ में चार चांद लग गइल
पवन सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सबसे पहले आप सभी बिहार वासियों को और पूरे भोजपुरिया संसार को छठ पूजा की ढेर सारी शुभकामनाएं। पवन ने कहा कि पार्टी की तरफ से जैसा आदेश मिलेगा हमको सेवा भाव से सेवा करना है। पवन ने राजनीति के सवाल पर कन्नी काटते हुए कहा कि आज आस्था का महापर्व छठ है, इसलिए मैं राजनीतिक बात नहीं करूंगा। पवन सिंह के फैंस ने कहा कि वे अपने स्टार को गांव में देखकर गर्व महसूस करते हैं। लोगों ने यह भी कहा कि पवन सिंह हर साल छठ पर्व पर अपने गांव आएं, ताकि भोजपुरी समाज की यह परंपरा और मजबूत हो।



