विधायक ने DGP से मिलकर की बखरी डीएसपी की शिकायत: भाजपा नेता जिला पार्षद ने DSP पर लगाया हत्या की साजिश रचने का आरोप – Begusarai News h3>
प्रेसवार्ता में भाजपा नेता एवं जिला पार्षद।
बखरी डीएसपी कुंदन कुमार के कारनामे को लेकर विरोध काफी तेज हो गया है। बखरी विधायक सूर्यकांत पासवान ने डीएसपी पर शराब माफियाओं से सांठ-गांठ और लाल बत्ती लेकर घूमने वाले दलाल के जरिए वसूली करने का आरोप लगाते हुए डीजीपी से मुलाकात कर आवेदन दिया है। दूसरी
.
बखरी विधायक सूर्यकांत पासवान ने डीजीपी विनय कुमार से मुलाकात कर डीएसपी के खिलाफ शिकायत की है। विधायक ने डीजीपी को बताया है कि बखरी अनुमंडल के डीएसपी कुंदन कुमार शराब और जमीन माफिया के चंगुल में हैं। विधायक ने मांग की है कि डीएसपी कार्यालय और डीएसपी आवास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाए।
इसके साथ ही डीएसपी के सरकारी और निजी मोबाइल नंबरों की भी जांच करने की मांग कर कहा है कि डीएसपी किन लोगों के संपर्क में रहते हैं।
सबूत दिखाते विधायक सूर्यकांत पासवान।
गौतम सिंह राठौड़ नाम के युवक की डीजीपी को दी तस्वीर
विधायक सूर्यकांत पासवान ने गौतम सिंह राठौड़ नाम के एक युवक की तस्वीर डीजीपी को मुहैया कराई है। इस तस्वीर में गौतम सिंह राठौड़ एक लाल गाड़ी पर बत्ती लगाए दिख रहा है। विधायक का आरोप है कि डीएसपी का दलाल गौतम सिंह राठौड़ गाड़ी में लाल बत्ती लगाकर वसूली करता है। वसूली के पैसे डीएसपी तक पहुंचाए जाते हैं। हाल ही में शराब तस्करों को मदद पहुंचाने में गिरफ्तार हुए बखरी थाना के टाइगर मोबाइल के तीन जवानों ने भी बखरी डीएसपी कुंदन कुमार पर शराब माफियाओं से पैसे वसूलने के संगीन आरोप लगाए थे।
इधर, गौतम सिंह राठौड़ का कहना है कि बखरी विधायक सूर्यकांत पासवान चुनावी माहौल के मद्देनजर आरोप लगा रहे हैं। हम भाजपा के बीते विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी राम शंकर पासवान के पक्ष में खुलकर काम करते हैं, इसलिए विधायक द्वारा आरोप लगाया जा रहा है। एक बत्ती लगी गाड़ी का फोटो शेयर किया जा रहा है, 2012 में मेला में बत्ती खरीदने थे, वही गाड़ी पर रखकर फोटो खिंचवाए। 2017 में भी आरोप लगा था तो एसपी के जांच में क्लीन चिट मिल चुका है। 2023 में भी नोटिस भिजवाया गया, उसमें भी क्लीन चिट मिल गया। सूर्यकांत पासवान और अमित देव की बात गलत कार्यों को डीएसपी नहीं सुनते हैं, इसलिए बेवजह आरोप लगाया जा रहा है।
भाजपा के जिला मंत्री ने डीएसपी पर लगाए आरोप
दूसरी ओर आज प्रेसवार्ता कर भाजपा के जिला मंत्री और जिला परिषद सदस्य अमित देव ने डीएसपी कुंदन कुमार पर आरोप लगाया है कि डीएसपी को एक लाख रूपए रिश्वत नहीं देने की वजह से उन्हें परेशान कर किया जा रहा है। लगातार झूठे केस में फंसाया जा रहा है। अमित देव का आरोप है कि बखरी डीएसपी की अपराधियों से काफी सांठ गांठ है। उनके प्राइवेट एवं सरकारी मोबाइल की जांच हो तो कई राज खुल जाएगा।
अमित देव ने कहा है कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा एसपी को उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने के लिए कहा गया है। लेकिन डीएसपी द्वारा रिपोर्ट नहीं किए जाने से उन्हें गार्ड नहीं मिल रहा है। ऐसे में अपराधियों द्वारा उनकी कभी भी हत्या की जा सकती है। वे अपराधियों का विरोध करते हैं और डीएसपी को अवैध कमाई का विरोध करते हैं, जिसके कारण उनके जान के दुश्मन बने हुए हैं।
मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने कहा कि बखरी डीएसपी की आय से ज्यादा संपत्ति की भी जांच होनी चाहिए। इनके कारनामे की जांच कर विभागीय कार्रवाई हो। मौके पर जिला परिषद सदस्य शिल्पी कुमारी, रौशन चौधरी, सामाजिक कार्यकर्ता विजय पासवान एवं अनुराग कुमार ने भी बखरी डीएसपी की कार्य शैली पर प्रश्न उठाया है। इन लोगों ने कहा है कि पुलिस प्रशासन बेलगाम हो गया है, जनप्रतिनिधियों को बार-बार अपमानित किया जाता है।



