पहलगाम आतंकी हमला, चन्नी-सिरसा भिड़े: कांग्रेस MP बोले-पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक नहीं हुई, BJP नेता ने कहा- आप राहुल गांधी संग पाक जाएं – Jalandhar News h3>
दिल्ली में प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व सीएम और जालंधर सांसद चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा दिया गया बयान।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के जालंधर लोकसभा सीट से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने पाकिस्तान में 2016 में हुई सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयरस्ट्राइक को लेकर विवाद को फिर से हवा दे दी। सांसद चन्नी ने सैन्य अभियानों की सत्यता पर सवाल उठाए।
.
चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा- आज तक मैं यह नहीं जान पाया कि सर्जिकल स्ट्राइक कहां हुई, उस समय कहां लोग मारे गए और पाकिस्तान में यह कहां हुआ। क्या हमें यह पता नहीं चलेगा कि हमारे देश में बम गिराया गया है।
वहीं कांग्रेस सांसद चन्नी के बयाना के बाद दिल्ली की मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पलटवार किया है। मनजिंदर सिंह सिरसा ने चन्नी को राहुल गांधी के साथ पाकिस्तान जाने की नसीहत दे दी।
कहीं भी सर्जिकल स्ट्राइक नहीं देखी गई- चन्नी
सांसद चन्नी ने कहा- उन्होंने (केंद्र सरकार) पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक नहीं की। ऐसा कुछ नहीं हुआ। कहीं भी सर्जिकल स्ट्राइक नहीं देखी गई। किसी को पता नहीं चला। मैंने हमेशा सबूत मांगे हैं। उरी आतंकी हमले के बाद हुए सैन्य अभियान पर सवाल उठाते हुए चन्नी ने कहा- हम उनसे (केंद्र सरकार) से मांग करते हैं कि वो कुछ करें। लोगों को बताएं कि वो (पहलगाम आतंकी हमले के अपराधी) कौन हैं और उन्हें सजा दें। ऐसा तब दावा किया गया, जब देश में चुनाव का माहौल था।
सिरसा बोले- राहुल के साथ पाकिस्तान जाए चन्नी
कांग्रेस सांसद चन्नी के बयान को लेकर दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा- पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने हमारी सेना पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने फिर से आज कहा है कि उन्हें सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत चाहिए। कांग्रेस और गांधी परिवार की मानसिकता कैसी है कि वह देश की सेना पर ही सवाल खड़ा कर देते हैं, उन्हें झूठा बताया जाता है।
आगे सिरसा ने कहा- कांग्रेस बार बार कहती है कि पाकिस्तान सच बोल रहा है, हमारी सेना नहीं। जबकि पाकिस्तान ने तो दुहाई दे देकर बोला है कि भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक कर हमारा नुकसान किया है। ऐसे में जब भारतीयों पर हमला हुआ हो, मगर कांग्रेस अपनी गंदी राजनीति से बाहर नहीं निकल पा रही है। मुझे बहुत शर्म आई, जब चरणजीत सिंह चन्नी ने ऐसा बयान दिया।
पहले भी विवादों में रहे चुके सांसद चन्नी
महिला IAS अधिकारी को आपत्तिजनक मैसेज भेजा था साल 2018 में चरणजीत सिंह चन्नी ने एक महिला IAS अधिकारी को आपत्तिजनक संदेश भेजे थे। चन्नी ने इसे स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी थी।
जालंधर वेस्ट हलके में उपचुनाव में पोस्टर हुआ था वायरल
जालंधर वेस्ट हलके में उपचुनाव के दौरान सांसद चन्नी के कुछ पोस्टर फिल्लौर हलके में लगवा दिए गए थे। फिल्लौर हलके से विधायक बिक्रमजीत सिंह चौधरी ने चन्नी के पोस्टर की फोटो शेयर की थी। जिसमें वह एक महिला की पीठ पर हाथ रखे हुए हैं। साथ ही पोस्टर पर लिखा है कि सावधान- होशियार, बचो बचो बचो। ये हैं चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस के जालंधर लोकसभा सीट से उम्मीदवार।
बीबी जागीर कौर को छूने पर बढ़ा था विवाद
चन्नी का अकाली दल की नेता बीबी जागीर कौर को छूने का वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें चन्नी बीबी जागीर कौर के मुंह को छू रहे थे। फिर लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन के दौरान दोनों अपने समर्थकों के साथ मिले थे।
हालांकि चन्नी ने बयान दिया था कि बीबी जागीर कौर मेरी मां जैसी हैं। बच्चे अपनी मां के साथ ऐसे ही रहते हैं। इस पर बीबी जागीर कौर ने कहा था कि चन्नी मेरे भाई जैसे हैं। वीडियो को गलत तरीके से पेश किया गया।





