वसुंधरा राजे की सालासर में रैली और जयपुर में बीजेपी का विरोध प्रदर्शन आज
Rajasthan BJP Politics: राजस्थान भाजपा में आपसी खींचतान की खबरों के बीच शनिवार को पार्टी के दो बड़े कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। आपसी मतभेद से बचने के लिए पार्टी संगठन ने डैमेज कंट्रोल का जिम्मा प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह को दिया है। इसी के तहत अब दोनों कार्यक्रमों में पार्टी पदाधिकारी शामिल भी होंगे।
दोनों बड़े कार्यक्रम, दोनों महत्वपूर्ण – अरुण सिंह
प्रदेश भाजपा में गुटबाजी इतनी बढ गई कि पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं को बीच में आना पड़ा। शनिवार 4 मार्च को दो बड़े कार्यक्रम प्रस्तावित थे। पहला कार्यक्रम 4 मार्च को पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के जन्मदिन सेलिब्रेशन का और दूसरा इसी दिन पार्टी की ओर से राज्य सरकार का घेराव तय किया गया। दोनों कार्यक्रम एक ही दिन होने के चलते बीजेपी की गुटबाजी सड़कों पर आ गई थी। बाद में राष्ट्रीय नेताओं की दखल के बाद डैमेज कंट्रोल का प्रयास किया गया। प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह जयपुर आए। उन्होंने कहा कि हमारे लिए दोनों ही कार्यक्रम महत्वपूर्ण है। पेपर लीक और बेरोजगारी भत्ते सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार का घेराव भी जरूरी है और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का जन्मदिन भी हम सबके लिए महत्वपूर्ण है। दोनों कार्यक्रमों का समय अलग अलग है। ऐसे में पार्टी के नेता अपने अपने स्तर पर दोनों कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं।
पूनियां का डर या राजे का जलवा बरकरार
प्रदेश भाजपा में सतीश पूनियां का ग्राफ पिछले कुछ सालों में काफी बढा है। वे लगातार पार्टी में सक्रिय रहते हुए प्रदेशभर के दौरे कर रहे हैं। प्रदेशभर में उनके साथ नेताओं और कार्यकर्ताओं का बड़ा हुजूम उनके साथ जुड़ रहा है। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का धड़ा थोड़ा कमजोर पड़ता नजर आने लगा। 4 मार्च को दो कार्यक्रम होने की वजह से राजे का कार्यक्रम कमजोर साबित होने वाला था। राजे समर्थक भी बर्थडे सेलिब्रेशन कार्यक्रम के लिए अड़े रहे और जोर शोर से तैयारियां शुरू कर दी थी। ऐसे में पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर इसे मैनेज करने के प्रयास शुरू किए गए। गुटबाजी को कम करने के लिए नया फार्मुला निकाला गया। अब पार्टी की ओर से तय कार्यक्रम भी हो जाएगा और राजे का बर्थडे सेलिब्रेशन भी हो जाएगा। कुछ लोग इसे पूनियां का डर बता रहे हैं तो कुछ राजे के जलवे को बरकरार बता रहे हैं। अब देखने वाली बात यह है कि आगामी विधानसभा चुनावों में किनका पलड़ा भारी रहने वाला है।
रिपोर्ट – रामस्वरूप लामरोड़
Congress Mla अमीन खान को देश छोड़ देना चाहिए, जानिए BJP नेता मदन दिलावर ने और क्या कहा
आसपास के शहरों की खबरें
Navbharat Times News App: देश-दुनिया की खबरें, आपके शहर का हाल, एजुकेशन और बिज़नेस अपडेट्स, फिल्म और खेल की दुनिया की हलचल, वायरल न्यूज़ और धर्म-कर्म… पाएँ हिंदी की ताज़ा खबरें डाउनलोड करें NBT ऐप