पमरे में रेल परियोजनाओं को 8874 करोड़ से लगेंगे पंख | Rail projects in Pamre will get wings with 8874 crores | Patrika News
जबलपुरPublished: Feb 03, 2023 11:54:20 pm
केंद्रीय बजट में किया गया प्रावधान, प्रदेश को 13 हजार करोड़ की मिली सौगात, रेल लाइन विस्तार के साथ ही यात्री सुविधाओं का होगा विस्तार
जबलपुर. केंद्रीय बजट में रेल मंत्रालय द्वारा पश्चिम मध्य रेलवे जोन को 8874 करोड़ रुपए की राशि का प्रावधान किया गया है। यह राशि रेलवे लाइनों के विस्तार, यात्री सुविधाएं बढ़ाने के साथ ही फ्लाई ओवर आदि के निर्माण के लिए जारी की गई है। प्रदेश के साथ ही जोन को राशि से नवाजे जाने से पमरे में रेल परियोजनाओं को मूर्तरुप देने में अब पंख लंगेगे। क्योकि मध्य प्रदेश में रेल परियोजनाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार ने दिल खोलकर बजट में राशि का प्रावधान किया गया है। यह राशि करीब 13 हजार 607 करोड़ की है। बजट में नई रेल लाइन परियोजनाओं के लिए 2014 करोड़ रुपए का प्रावधान बजट में किया गया है। साथ ही यात्री सुविधाओं को लेकर राशि को दो गुना किया गया है। यह जानकारी पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता ने पत्रकारों से परिचर्चा के दौरान दी।
यात्री सुविधाओं के लिए दोगुनी की राशि
यात्री सुविधाओं को लेकर इस बार राशि दोगुनी कर दी गई है। बजट में राशि को बढ़ाकर 250 करोड़ किया गया है। पूर्व में 125 करोड़ की राशि जारी की गई थी। इसके साथ ही स्टेशनों में सुविधाओं के विस्तार किया जाएगा। पमरे के चार स्टेशनों के री डिवलपमेंट को प्रस्तावित किया गया है। जिसमें जबलपुर,भोपाल, सतना एवं रीवा स्टेशनो का मॉस्टर प्लान तैयार किया जाएगा। मदनमहल स्टेशन कोचिंग टर्मिनल एवं हाउबाग स्टेशन कोचिंग काम्पलेक्स के लिए 15 करोड़ एवं इटारसी नार्थ साउथ ग्रेड सेपरेटर,फ्लाई ओवर यार्ड रिमोडलिंग आदि के लिए 15 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
ललितपुर-सिंगरौली के लिए 700 करोड़
ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन के लिए 700 करोड़ की राशि का प्रावधान किया गया है। इस रेल खंड में करीब 541 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाई जानी है। इससे कार्य में गति मिलेगी। इसके साथ ही रामगंज मंडी भोपाल में रेल विकास योजनाओं के लिए 800 करोड़ की राशि जारी की गई है। यहां करीब 262 किलोमीटर लंबी रेल लाइन को बिछाया जाना है। इसी तरह इंदौर-जबलपुर में 514.4 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
फ्लाइ ओवर के लिए 300 करोड़
बताया जाता है कटनी में प्रस्तावित किए गए रेल फ्लाई ओवर के लिए बजट में 300 करोड की राशि जारी की गई है। इसी तरह सतना रीवा में फ्लाई ओवर के लिए 55 करोड तथा पवार खेड़ा में फ्लाई ओवर निर्माण के लिए 50 करोड की राशि पश्चिम मध्य रेलवे जोन को मिली है। राशि का प्रावधान किए जाने से कार्य में गति आएगी।
अधोसंरचना का होगा विकास: जीएम
पमरे महाप्रबंधक सुधीर कुमार गुप्ता ने कहा कि रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने मध्य प्रदेश राज्य को बजट 2023-24 में 13607 करोड़ जारी किए हैं। जो कि वर्ष 2009 से 2014 के औसत आवंटन 632 करोड़ से 21.5 गुना अधिक है। बजट आवंटन से मध्य प्रदेश राज्य में रेल की विभिन्न परियोजनाओं एवं इंफ्रास्ट्रक्चर सहित रेलवे के आधुनिकीकरण को गति मिलेगी।