Advertising
<

बीजेपी की तीन दिन में तीन यात्रा, 2019 के चुनाव पर है निशाना

252

अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी अभी से ही तैयारियों में जुट गई है. पार्टी इसके लिए हर वो काम कर रही है जिससे अपने पक्ष में माहौल बनाया जा सके. विकास के काम हों या फिर सरकार की दूसरी योजनाएं उसको आम जनता तक पहुंचाने की पूरी तैयारी हो रही है. पार्टी अध्यक्ष अमित शाह तो लगातार देश भर का भ्रमण कर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अभी से ही चुनावी मोड में तैयार होने का निर्देश भी दे रहे हैं. मंगलवार को यूपी के अयोध्या से रामेश्वरम के लिए ‘राम राज्य यात्रा’ शुरू हुई तो वहीं राष्ट्र रक्षा महायज्ञ के लिए बीजेपी ने इंडिया गेट से बुधवार को ‘जल-मिट्टी रथ यात्रा’ का आगाज किया. तीसरी यात्रा के रूप में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह आज हरियाणा में बाइक रैली निकालने वाले हैं. इन यात्राओं से साफ संकेत हैं कि बीजेपी 2019 के चुनाव में विकास से ज्यादा राष्ट्रवाद, हिंदुत्व और राममंदिर को प्राथमिकता देने वाली है.

महायज्ञ का आयोजन

लेकिन, अब एक कदम आगे बढ़कर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्वी दिल्ली से सांसद महेश गिरी ने एक महायज्ञ का आयोजन करने का फैसला कर लिया है. इस महायज्ञ का लक्ष्य देश के भीतर और बाहर मौजूद आसुरी शक्तियों का नाश करना है जो लगातार राष्ट्र निर्माण के काम में विरोध पैदा कर रही हैं.

बताया जा रहा है कि दिल्ली के लालकिले पर बीजेपी ने राष्ट्र रक्षा महायज्ञ की योजना बनाई है. महायज्ञ से पहले बुधवार को ‘जल-मिट्टी रथ यात्रा’ रवाना की गई जिसे खुद केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने हरी झंडी दिखाई. ये यात्रा प्रतीकात्मक है. इसके जरिए कश्मीर, डोकलाम, सियाचीन, वाघा बॉर्डर और पुंछ की सीमाओं और चारों धाम ( बद्रीनाथ, द्वारका,जगन्नाथ पुरी और रामेश्वरम) से मिट्टी पानी इकट्ठा कर 108 यज्ञ कुंडों का निर्माण किया जाएगा. यात्रा के कर्ताधर्ता बीजेपी नेता महेश गिरी ने कहा, देश की सीमाओं पर तैनात हमारे वीर जवानों और उनके त्याग एवं संघर्षों की भावनाओं के मद्देनजर ‘राष्ट्र रक्षा महायज्ञ’ का आयोजन किया जा रहा है. बताया जा रहा है इस यज्ञ का मुख्य मकसद ये भी है कि भारत फिर से विश्वगुरु के पद पर विराजमान हो और इस काम में बाधक षड्यंत्रकारी शक्तियां विफल हों इसीलिए इस महायज्ञ का आयोजन हो रहा है