Advertising
Home Breaking News Hindi Tamil Nadu: विधानसभा चुनाव के लिए Rahul Gandhi ने शुरू किया प्रचार,...
Advertising
<

Tamil Nadu: विधानसभा चुनाव के लिए Rahul Gandhi ने शुरू किया प्रचार, BJP पर साधा निशाना

169
Tamil Nadu: विधानसभा चुनाव के लिए Rahul Gandhi ने शुरू किया प्रचार, BJP पर साधा निशाना


कोयंबटूर: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने तमिलनाडु में चुनाव प्रचार अभियान का आगाज करते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि राज्य की अन्नाद्रमुक सरकार ने केंद्र सरकार के साथ समझौता कर लिया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो चाहते हैं वो करवाने के लिए सीबीआई एवं दूसरी एजेंसियों का इस्तेमाल करते हैं. उन्होंने तमिलनाडु के अपने तीन दिनों के दौरे का कोयंबटूर से आगाज किया. वह एक खुले वाहन में सवार होकर जनता से रुबरू हुए और विभिन्न स्थानों पर लोगों को संबोधित किया. तमिलनाडु विधानसभा चुनाव इस साल अप्रैल-मई में प्रस्तावित है.

तमिलनाडु-पुडुचेरी में डीएमके के साथ साझेदारी

कांग्रेस नेता ने सहयोगी द्रमुक का उल्लेख किए बगैर कहा, ‘मैं तमिलनाडु (Tamil Nadu)के लोगों के साथ मिलकर काम करूंगा ताकि आप लोगों को वो सरकार मिल सके जिसके वे हकदार हैं.’ उन्होंने कहा, ‘मैं तमिलनाडु में एक ऐसी सरकार लाने में मदद करना चाहता हूं जो सही मामलों में गरीबों, किसानों, मजदूरों और छोटे एवं मझोले कारोबारियों का सम्मान करती हो.’ द्रमुक और कांग्रेस के रिश्तों में उस वक्त तनाव दिखा जब हाल ही में द्रमुक ने कहा कि वह पुडुचेरी में सभी 30 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी. पुडुचरी में फिलहाल कांग्रेस की सरकार है. राहुल गांधी के चुनावी अभियान में भी अब तक द्रमुक के पदाधिकारी नजर नहीं आए हैं.

तमिलनाडु की एआईएडीएमके सरकार कर चुकी समझौता: राहुल गांधी

अन्नाद्रमुक (AIADMK)पर निशाना साधते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘तमिलनाडु में आज एक ऐसी सरकार है जो समझौता कर चुकी है. नरेंद्र मोदी सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय का इस्तेमाल करते हैं और जो चाहते हैं वो करवाते हैं.’ उन्होंने दावा किया, ‘नरेंद्र मोदी को लगता है कि वह किसी को भी खरीद सकते हैं. वह नहीं समझते कि वह बिकने के लिए तैयार हैं तो इसका यह मतलब नहीं है कि तमिलनाडु भी बिकने के लिए तैयार है.’

तमिल लोग तय करेंगे तमिलनाडु का भविष्य

राहुल गांधी ने कहा, ‘सिर्फ तमिल लोग तमिलनाडु का भविष्य तय करेंगे. नागपुर (आरएसएस) कभी भी तमिलनाडु का भविष्य तय नहीं कर सकता.’ उन्होंने यहां सड़क किनारे एक दुकान पर चाय पी और लोगों से बात की. कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘मोदी क्या करते हैं? उनकी तीन-चार बड़े उद्योगपतियों के साथ साझेदारी है. वे लोग उन्हें मीडिया की सेवा देते हैं और वह उन लोगों को पैसे देते हैं.’ उन्होंने यह दावा भी किया, ‘नरेंद्र मोदी हर वो चीज बेच रहे हैं जो देश और तमिलनाडु के लोगों की है.’

Advertising

आत्मनिर्भर भारत का नेतृत्व सोनार बांग्ला को करना है, पढ़ें PM नरेंद्र मोदी की 10 बड़ी बातें

बीजेपी पर साधा निशाना

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि तीन कृषि कानूनों के माध्यम से किसानों से उनका सबकुछ छीनने का प्रयास हो रहा है. बीजेपी पर निशाना साधते हुए गांधी ने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी विचारधारा के खिलाफ लड़ रही है जो ‘सिर्फ एक संस्कृति, एक भाषा और इसमें विश्वास करती है कि भारत पर एक विचार का शासन होना चाहिए.’ उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी को तमिलनाडु की संस्कृति, भाषा और लोगों के प्रति कोई सम्मान नहीं है. कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘मोदी सोचते हैं कि तमिल लोग, तमिल भाषा और तमिल संस्कृति उनके विचारों और उनकी संस्कृति के अधीन होनी चाहिए.’





Source link

Advertising