सर्वाइकल कैंसर के ख़िलाफ़ भारत की बड़ी कामयाबी: 9 महीने में 1 करोड़ से ज़्यादा HPV टीके लगे
भारत ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर पार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, देश में 'राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान' के तहत नौ महीने से भी कम समय में ह्यूमन…
भारत ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर पार कर लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, देश में 'राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान' के तहत नौ महीने से भी कम समय में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन की 1 करोड़ से अधिक खुराकें किशोरियों को दी जा चुकी हैं। इस अभियान का लक्ष्य सर्वाइकल कैंसर के ख़तरे को कम करना है।
इस बड़ी उपलब्धि पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, राज्य सरकारों और सभी स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "9 महीने से भी कम समय में एचपीवी वैक्सीन की 1 करोड़ से ज्यादा डोज देने की भारत की कामयाबी सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ लड़ाई में एक बड़ी कामयाबी है।" उपराष्ट्रपति ने इस राष्ट्रव्यापी अभियान को सफलतापूर्वक लागू करने में शामिल सभी पक्षों की तारीफ की।
अभियान का लक्ष्य और अब तक की प्रगति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फरवरी 2026 में शुरू किए गए इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत, 14 वर्ष की किशोरियों को माता-पिता की सहमति से सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त में एचपीवी टीके की एक खुराक दी जाती है। यह टीकाकरण पूरी तरह सुरक्षित और स्वैच्छिक है।
इस अभियान का वार्षिक लक्ष्य लगभग 1.2 करोड़ बच्चियों का टीकाकरण करना था, जिसका लगभग 87 प्रतिशत हिस्सा अब तक पूरा हो चुका है।
सरकार की प्रतिबद्धता और राज्यों का प्रदर्शन
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा, "यह शानदार तरक्की सरकार के प्रिवेंटिव हेल्थकेयर को मजबूत करने, टीनएज लड़कियों की सुरक्षा करने और महिलाओं की पीढ़ियों के लिए एक हेल्दी भविष्य बनाने की लगातार प्रतिबद्धता को दिखाती है। एक हेल्दी भारत की ओर एक बड़ा कदम!"
इससे पहले, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा (जेपी नड्डा) ने भी शनिवार को एक्स पर इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया था। उन्होंने जानकारी दी कि गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों ने 100 प्रतिशत कवरेज का लक्ष्य हासिल कर लिया है, जबकि 12 अन्य राज्यों ने 80 प्रतिशत का आँकड़ा पार कर लिया है।
इनपुट: IANS



