बुधवार, 23 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
स्वास्थ्य

हेपेटाइटिस B और C को 2030 तक खत्म करने के लक्ष्य पर भारत कायम, UN में दोहराई प्रतिबद्धता

संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के एक कार्यक्रम में भारत ने 2030 तक हेपेटाइटिस 'बी' और 'सी' को एक सार्वजनिक स्वास्थ्य खतरे के रूप में समाप्त करने की अपनी वैश्विक प्रतिबद्धता को दृढ़ता से दोहराया है…

हेपेटाइटिस B और C को 2030 तक खत्म करने के लक्ष्य पर भारत कायम, UN में दोहराई प्रतिबद्धता
(फोटो: IANS)

संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के एक कार्यक्रम में भारत ने 2030 तक हेपेटाइटिस 'बी' और 'सी' को एक सार्वजनिक स्वास्थ्य खतरे के रूप में समाप्त करने की अपनी वैश्विक प्रतिबद्धता को दृढ़ता से दोहराया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर दी।

विज्ञापन

यह संकल्प संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य (SDG) एजेंडा के अनुरूप है। यूएनजीए के 81वें सत्र के दौरान आयोजित 'एडवांसिंग ग्लोबल एक्शन टू एलिमिनेट हेपेटाइटिस' नामक एक साइड इवेंट में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने भारत का पक्ष रखा। इस कार्यक्रम का आयोजन हेपेटाइटिस उन्मूलन के लिए बने 'यूएन ग्रुप ऑफ फ्रेंड्स' द्वारा किया गया था।

रोकथाम से इलाज तक: भारत के प्रयास

स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि भारत इस बीमारी से निपटने के लिए एक व्यापक और जन-केंद्रित रणनीति अपना रहा है। इसमें रोकथाम, स्क्रीनिंग, निदान और उपचार से लेकर देखभाल तक हर पहलू शामिल है। देश में गर्भावस्था के दौरान स्क्रीनिंग और हेपेटाइटिस 'बी' के टीकाकरण जैसे निवारक उपायों से लेकर मुफ्त जांच और इलाज तक की सुविधाएं दी जा रही हैं।

इसके अलावा, सुरक्षित रक्त चढ़ाने की सेवाओं और इंजेक्शन के जरिए नशा करने वाले लोगों के लिए परामर्श व पुनर्वास सहायता पर भी काम किया जा रहा है। इन प्रयासों के तहत अब तक भारत में 22.5 करोड़ से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है और 6,52,000 से ज्यादा मरीजों को मुफ्त इलाज मिल चुका है।

वैश्विक सहयोग पर जोर

पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने 2030 के लक्ष्य को पाने के लिए निरंतर वैश्विक सहयोग, रोकथाम, जांच और उपचार तक सभी की समान पहुंच और मजबूत स्वास्थ्य प्रणालियों के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा, "भारत वायरल हेपेटाइटिस से निपटने और 2030 तक इसे जन स्वास्थ्य के खतरे के रूप में खत्म करने के लिए समन्वित, सुलभ और समान कार्रवाई को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।"

इनपुट: IANS

N

News4Social हेल्थ डेस्क

News4Social हेल्थ डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से स्वास्थ्य से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →